
53 दुकानों पर उपलब्ध स्वदेशी उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र, महापौर ने नगरवासियों से की खरीदारी कर गरीब दुकानदारों का उत्साह बढ़ाने की अपील
काशीपुर। नगर निगम परिसर में दूसरी बार लगाए गए भव्य दीपावली स्वदेशी मेले का सोमवार दोपहर नगर निगम महापौर दीपक बाली ने विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर एवं क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया कि वे इस दीपावली स्वदेशी मेले में पहुंचकर स्वदेशी निर्मित सामानों की खरीदारी करें और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के साथ-साथ गरीब दुकानदारों का भी उत्साहवर्धन करें।

मेले में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट लोगों के लिए यादगार साबित हो रहा है। यहां सेल्फी लेते हुए लोग कहते नजर आए कि पिछली बार भी उन्होंने इसी स्थान पर सेल्फी ली थी।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में यह मेला जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में लगता था, लेकिन वहां मल्टी पार्किंग का निर्माण शुरू होने के कारण दीपावली मेले के आयोजन में दिक्कतें आने लगी थीं। इससे गरीब दुकानदार काफी परेशान थे। गरीब दुकानदारों की परेशानी को समझते हुए महापौर दीपक बाली ने पिछले वर्ष इस मेले का आयोजन नगर निगम परिसर में शुरू कराया था। पिछले वर्ष आयोजन सफल रहा। इसी सफलता को देखते हुए इस वर्ष भी मेले का आयोजन नगर निगम परिसर में किया जा रहा है, जिसका विधिवत उद्घाटन सोमवार दोपहर महापौर दीपक बाली ने किया। यह मेला दीपावली तक जारी रहेगा।

मेले में लगी दुकानों पर स्वदेशी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं श्रीमती गीता चंद्रा, रेनू नौटियाल, गायत्री देवी, मंजू, रजनी देवी, ममता, पूनम गोला, राशिदा, फहमीदा और फरीदा द्वारा तैयार मिट्टी की मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरी, मिट्टी से बनी हटरी, गुलदस्ते, डलिया, टोकरी, बेडशीट, कुशन कवर सहित विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अतिरिक्त चाय एवं खाने के स्टॉल, पीओपी से बनी मूर्तियां और गोबर से बने उत्पाद भी मेले की शोभा बढ़ा रहे हैं।
हथकरघा डिजाइन सेंटर की ओर से भी मेले में प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसके मालिक राज्य स्तर पर सम्मानित मोहम्मद इसरार हुसैन हैं।

मेले में सौंदर्य प्रसाधन, चूड़ियां, प्लास्टिक की मालाएं, इलेक्ट्रिक झालरें, मिट्टी के दीये, मूर्तियां, कैलेंडर, तस्वीरों और खान-पान के स्टॉल सहित कुल 53 दुकानें लगाई गई हैं। इन दुकानों पर खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंचना शुरू हो गए हैं। वहीं, सेल्फी प्वाइंट पर लोग तस्वीरें लेकर इस मेले को यादगार बना रहे हैं।
मेले में दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उद्घाटन अवसर पर नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, नगर निगम कर्मचारी तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोड़ा, जसवीर सिंह सैनी, राजकुमार यादव आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर दुकानदारों एवं उपस्थित समूह को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। महापौर दीपक बाली ने मेले का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






