November 17, 2026
file_000000003a74820b9d1ac55e0eef188f
Kashipur Samay News
Share this news

बोले—अब हमारा उद्देश्य देश में प्रथम स्थान पर आने का है, शहरवासियों से पहले से अधिक सहयोग की अपील

काशीपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर को उत्तराखंड का नंबर-1 स्वच्छ शहर घोषित किए जाने और महामहिम राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाने पर नगर निगम काशीपुर की ओर से आज यहां नगर निगम सभागार में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस उपलब्धि का श्रेय नगर की जागरूक जनता के साथ-साथ पर्यावरण मित्रों सहित पूरे नगर निगम परिवार के साझा प्रयासों को दिया गया।

निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शहर की स्वच्छता के क्षेत्र में हासिल हुई इस उपलब्धि को गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए भावुक हुए महापौर दीपक बाली ने राष्ट्रपति द्वारा मिले सम्मान को काशीपुर की जनता को समर्पित कर दिया और कहा कि अब हमारा उद्देश्य स्वच्छता के मामले में काशीपुर को देश में पहले स्थान पर लाने का है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान प्रदेश के यशस्वी एवं विकास की दूरदर्शी सोच रखने वाले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के निरंतर मिल रहे मार्गदर्शन एवं सहयोग का परिणाम है।

आज हुए कार्यक्रम में काशीपुर को प्रदेश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नगर निगम की ओर से आयोजित समारोह का उद्देश्य स्वच्छता अभियान से जुड़े सामूहिक प्रयासों को सम्मान देना और भविष्य में भी शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों को प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने कहा कि राष्ट्रपति पुरस्कार के मिलने में पर्यावरण मित्रों के साथ-साथ काशीपुर की जागरूक जनता, विद्यालयों के बच्चों, उद्यमियों, व्यापारियों और आम नागरिकों ने जो सहयोग दिया, मैं उन सभी का आभारी हूं, क्योंकि यह पुरस्कार उन्हीं के प्रयासों का प्रतिफल है। अब हमारा उद्देश्य काशीपुर को देश में पहले स्थान पर ले जाने का है, लिहाजा काशीपुर की महान जनता को इस काम को अंजाम देने में पहले से भी अधिक सहयोग देना होगा।

उन्होंने कहा कि मैं रास्ते में आई किसी भी पीड़ा, आलोचना और दिए जा रहे धक्कों से परेशान नहीं हूं, क्योंकि मुझे पता है कि काशीपुर की महान जनता मेरे साथ है और उसी ने मुझे यह ताकत दी है कि काशीपुर देश के पटल पर पहचान बना रहा है। नगर निगम के बारे में जनता जो भी जवाब चाहेगी, मैं देने के लिए तैयार हूं और इसके लिए सूचना अधिकार की आवश्यकता ही नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुझे पौने दो वर्ष के कार्यकाल में हर वर्ग का सहयोग मिला है और उसी के बल पर मैं कह सकता हूं कि हम आगे भी ऐतिहासिक कदम बढ़ाएंगे। इस स्वच्छता पुरस्कार से काशीपुर के विकास का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है, क्योंकि अब विकास की अन्य योजनाएं भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के सहयोग से काशीपुर आएंगी।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक रैंकिंग नहीं, बल्कि काशीपुरवासियों के सामूहिक प्रयासों और स्वच्छता के प्रति संकल्प का परिणाम है। इस उपलब्धि से काशीपुर का नाम प्रदेश में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में गौरवान्वित हुआ है। अब शहर के सामने स्वच्छता के इस स्तर को बनाए रखने और आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती है।

महापौर दीपक बाली ने शहरवासियों से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाएं, क्योंकि काशीपुर की यह उपलब्धि शहर के प्रत्येक नागरिक के सहयोग और स्वच्छता के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि मैं किसी आलोचना का कोई जवाब नहीं दूंगा, क्योंकि मेरा संकल्प आगे बढ़ना और काशीपुर को आगे बढ़ाना है। उन्होंने नैनी पेपर्स के एमडी पवन अग्रवाल का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने अवार्ड मिलने वाले दिन ही कह दिया था कि उनकी संस्था प्रतिवर्ष नगर निगम को सीएसआर फंड से एक करोड़ रुपए की मदद देगी।

कार्यक्रम में जैसे ही पूर्व मेयर उषा चौधरी पहुंचीं तो महापौर दीपक बाली ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें तुरंत मंच पर बुलाया और कहा कि आदरणीय भाभी जी आप मेरी कुर्सी पर बैठिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नैनी पेपर के एमडी पवन अग्रवाल ने कहा कि दीपक बाली जैसे नेता बड़े ही सौभाग्य से काशीपुर की जनता को मिले हैं। उनमें उत्साह कूट-कूट कर भरा है और वह हर समय काशीपुर के विकास के बारे में ही सोचते हैं। उनके पास विकास के मामले में कोई किंतु-परंतु नहीं है, इसलिए काशीपुर के विकास में वह जो भी मदद चाहेंगे, हम उनके साथ खड़े हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि दीपक बाली के नेतृत्व में काशीपुर नगर निगम को जो सम्मान मिला है, उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। भाजपा नेता आशीष गुप्ता ने भी महापौर को बधाई दी। वहीं प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि दीपक बाली एक ऐसे सितारे हैं, जो इस काशीपुर को चमकाने में लगे हुए हैं।

कार्यक्रम में आए नगर व क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने महापौर दीपक बाली और पार्षदों का अभिनंदन किया और उन्हें अपनी शुभकामनाएं देते हुए अपने सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर ख्वाइश एनजीओ के बच्चों ने स्वच्छता पर एक शानदार और अनुकरणीय गीत प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर पूर्व मेयर श्रीमती उषा चौधरी, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, नगर निगम अधिकारी शिवेंद्र खनायत, अनिरुद्ध गौड़, गणेश ध्यानी, जगदीश यादव, पंकज टंडन, संजय भाटिया, मुकेश चावला, गुरुकुल फाउंडेशन विद्यालय से नीरज कपूर, मीनल बधवार, संजीव कालरा, रानी चौधरी, राजीव घई, विभा तिवारी, अर्बन बैंक के उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, अर्बन बैंक के अध्यक्ष पति चौधरी वेदपाल सिंह, अमन बाली, इंतजार हुसैन, अभिषेक गोयल, चेतन अरोड़ा, मोहित चौहान, अमर सिंह रावत, मुकेश पाहवा, चौधरी समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी, राबिया बेगम, श्रीमती मालती सिंह, मनोज बाटला, मंजू यादव, भीम सिंह, पीयूष प्रधान, गुरबख्श बग्गा, सर्वेश बंसल, गौरव गुप्ता, अमित शर्मा, हरि प्रकाश शर्मा, अवनीश चौहान, ईश्वर गुप्ता, राजीव अरोड़ा, सर्वेश शर्मा शशि, प्रकाश नेगी, दिलीप मल्होत्रा, योगेश बिश्नोई, भाजपा नेता रवि पाल, सुखविंदर सिंह, अनुज मेहरोत्रा, पवित्र शर्मा, पार्षद पुष्कर सिंह बिष्ट, सतीश कुमार, मनोज जग्गा, सादिक हुसैन, अनूप प्रताप सिंह, अनीता कांबोज, दीपा पाठक, बीना नेगी, अशोक सैनी, वैशाली गुप्ता, कुलदीप शर्मा, सुरेश सैनी, संजय शर्मा, राशिद फारूकी, पूर्व पार्षद राजू सेठी, सीमा सागर, विजय बॉबी, ममता रानी, प्रिंस बाली, अंजना, रवि प्रजापति, अब्दुल कादिर, मनीष चावला, मंडल अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह, रविंद्र राणा, नगर निगम के ठेकेदार, नगर निगम की स्वच्छता जन जागरण टीम भाव्या पांडे, अजय, सुशांत, नवीन सहित सफाई नायक राजेश एवं उनके अन्य सफाई नायक साथी, पर्यावरण मित्र एवं निगम के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।

मंच पर महापौर का स्वागत करने वालों की इतनी भीड़ उमड़ी कि सारे रिकॉर्ड धराशायी हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!