November 17, 2026
IMG-20261115-WA0004
Kashipur Samay News
Share this news

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पांच विशेष पुलिस टीमों की कार्रवाई; मुख्य आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार और टी-शर्ट बरामद।

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर जिला चिकित्सालय परिसर में हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे छठे अभियुक्त अमन प्रजापति को उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड में गिरफ्तार अभियुक्तों की संख्या छह हो गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पांच विशेष पुलिस टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थीं। पुलिस ने 13 नवंबर को हुई घटना के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी थी। इसके बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और वारदात के समय पहनी गई टी-शर्ट भी बरामद की गई।



सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद जिला चिकित्सालय परिसर में दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट और हमला हुआ।

इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना में दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे। मामले में दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।



पांच विशेष टीमों ने संभाली जांच की कमान

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया, सीसीटीवी फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 14 नवंबर को अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लगातार दबिश के क्रम में 15 नवंबर को छठे अभियुक्त अमन प्रजापति को बरेली के मीरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार छह अभियुक्तों के नाम

1. आकाश कुमार
2. विकास कुमार
3. विनोद कुमार
4. अमन कुमार
5. भोला उर्फ देव मंडल
6. अमन प्रजापति

पुलिस के मुताबिक, पांच अभियुक्तों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है, जबकि छठे आरोपी को न्यायालय में पेश करने की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!