November 17, 2026
IMG-20261102-WA0062 (1)
Kashipur Samay News
Share this news

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जनपद में 20 नए छठ पूजा घाट बनाए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा एवं किच्छा में छठ पूजा घाट बनाए जाएंगे। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट पर, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट पर तथा चम्पावत के बनबसा में भी छठ पूजा घाटों का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे संगठन सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज को एकजुट करने तथा सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। सरकार प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा से क्षतिग्रस्त बाबा केदारनाथ धाम को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण कर वहां आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का कार्य लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडी की स्थापना भी की गई है।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला सूचना अधिकारी, ऊधम सिंह नगर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!