काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता एवं भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह काम्बोज को उत्तराखंड सरकार द्वारा नगर निगम में नामित पार्षद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
नगर निगम में नामित पार्षद की जिम्मेदारी मिलने पर आकाश सिंह काम्बोज ने प्रदेश सरकार एवं भाजपा संगठन का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से संगठन के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। छात्र राजनीति के दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, इसके बाद विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया है।
उन्होंने कहा कि संगठन एवं सरकार द्वारा उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा नगर निगम क्षेत्र के विकास एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त नामित पार्षद आकाश सिंह काम्बोज ने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, काशीपुर महापौर दीपक बाली, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा काशीपुर जिलाध्यक्ष मनोज पाल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रशांत पंडित सहित प्रदेश एवं जिला संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





