रुद्रपुर – किसानों के साथ बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न, समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन

Share this news

Kashipur Samay News

Share this news

रुद्रपुर, 24 अगस्त। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार स्थित एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता सहित किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर की मांगों का शीघ्रता से निराकरण किया जाएगा, जबकि नीतिगत मांगों को शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की कई मांगों पर पूर्व में ही कार्रवाई की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर वे कभी भी वार्ता के लिए उपलब्ध हैं। उन्होंने प्रत्येक माह किसान दिवस आयोजित किए जाने की घोषणा की।

चीनी मिल के बकाये पर कार्रवाई के निर्देश
किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि काशीपुर चीनी मिल से वर्ष 2007 तथा 2012-13 का किसानों का भुगतान बकाया है, जिस संबंध में इलाहाबाद में वाद चल रहा है। किसानों ने चीनी मिल की करीब 50 एकड़ भूमि परिवार के लोगों के नाम हस्तांतरित किए जाने का मामला भी उठाया।

जिलाधिकारी ने सहायक गन्ना आयुक्त को इलाहाबाद जाकर मामले की पैरवी करने तथा शीघ्र निस्तारण के प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्णय होने के बाद किसानों के भुगतान को प्राथमिकता दी जाएगी। भूमि हस्तांतरण प्रकरण की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति में एसडीएम काशीपुर एवं गन्ना अधिकारी भी शामिल होंगे और एक माह में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।

भूमि प्रकरणों की जांच के लिए समितियां गठित
जसपुर के पतरमपुर भूमि प्रकरण को लेकर भी किसानों ने शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी एफआर की अध्यक्षता में समिति गठित करने के निर्देश दिए।

काशीपुर बाईपास पर बागवाड़ा के पास सर्विस रोड निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने पीडी एनएचएआई को एनएचएआई चेयरमैन को अर्द्धशासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिए।

कृषि भूमि के विनियमितीकरण के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि शासनादेश प्राप्त होते ही कैंप लगाकर पारदर्शी तरीके से नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। किसानों की मांग पर बाजपुर मंडी स्थित किसान भवन को खाली कराकर तत्काल किसानों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

ओवरलोडिंग और जाम की समस्या पर भी दिए निर्देश
वाहनों की ओवरलोडिंग एवं जाम की समस्या को लेकर जिलाधिकारी ने एसपी सिटी रुद्रपुर को मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे 31 सितंबर से पूर्व अपना पंजीकरण करा लें, ताकि 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली धान खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके। उन्होंने बताया कि पूर्व की भांति पर्याप्त स्थानों पर धान क्रय केंद्र खोले जाएंगे।

मुख्य कृषि अधिकारी को किसानों की मांग के अनुसार यूरिया, डीएपी एवं एनपीके की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में गन्ना आयुक्त टीएस मर्तोलिया, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव, सहायक आयुक्त गन्ना शैलेंद्र, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी लता मिश्रा, पीडी एनएचएआई अंचल बंसल सहित भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता एवं अन्य किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!