काशीपुर – 72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, डंपर चालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Share this news

Kashipur Samay News

Share this news

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में काशीपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 200–250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से हत्यारों तक पहुंची पुलिस

काशीपुर। धनौरी पट्टी, रामनगर रोड पर 20 अगस्त की सुबह सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया। मामले में कोतवाली काशीपुर पुलिस ने डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर, लोहे का हुक तथा मृतका का बैग व मोबाइल सहित अन्य सामान भी बरामद किया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने स्वयं मामले का संज्ञान लेते हुए काशीपुर पुलिस को ब्लाइंड मर्डर का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर मृतका के घर तक के संभावित मार्गों पर लगे करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले एक डंपर को संदिग्ध पाया गया। इसके साथ ही मृतका और संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर तथा मोबाइल लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से कुछ समय पहले मृतका की लोकेशन चैती मैदान के आसपास थी। उसने 20 अगस्त की सुबह करीब 4:35 बजे चैती रोड से चीमा चौराहा जाने के लिए रैपिडो बुक की थी, जिसे तीन मिनट बाद कैंसिल कर दिया गया। बाद में मृतका का मोबाइल गुलजारपुर क्षेत्र में सड़क पर पड़ा मिला। मोबाइल फ्लाइट मोड में था।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस डंपर संख्या UK15CA-1437 तक पहुंची। वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर चालक राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर, डंपर चला रहा था। उसके साथ सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर भी मौजूद था।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त की सुबह दोनों खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहे थे। चैती मैदान के पास एक महिला ने डंपर रुकवाया और दोनों ने उसे वाहन में बैठा लिया।

पुलिस के अनुसार, कुछ दूरी आगे जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और स्वयं महिला के पास बैठ गया। आरोप है कि एकांत स्थान पर उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने तथा पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने डंपर में रखे लोहे के हुक से उसके सिर पर वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मृतका का मोबाइल डंपर में ही रह गया था। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया।

डंपर से बरामद हुआ आला कत्ल
23 अगस्त को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर डंपर को कब्जे में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर डंपर के अंदर से घटना में प्रयुक्त लोहे का हुक तथा मृतका का बैग बरामद किया गया। बैग से आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड मिले। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।



गिरफ्तार आरोपी
1. राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर, उम्र 39 वर्ष।
2. सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर, ऊधमसिंहनगर, उम्र 19 वर्ष।

बरामदगी
– डंपर संख्या UK15CA-1437
– घटना में प्रयुक्त लोहे का हुक
– मृतका का मोबाइल फोन
– मृतका का बैग
– आधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं आयुष्मान कार्ड
– घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फॉरेंसिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीडीआर, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी गईं और महज 72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा कर दिया गया।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के विरुद्ध पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है। अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की तकनीकी और मानवीय जांच से बच नहीं सकता। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!