
बच्चों के हाथों में दिनभर मोबाइल क्यों? अभिभावक तय करें स्क्रीन टाइम, वरना बच्चों का भविष्य हो सकता है प्रभावित: उर्वशी दत्त बाली
काशीपुर। समाज सेविका एवं डी बाली ग्रुप की डायरेक्टर श्रीमती उर्वशी दत्त बाली ने बच्चों में बढ़ते मोबाइल के इस्तेमाल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए अभिभावकों से बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल का समय निर्धारित करने की अपील की है। उनका कहना है कि कम उम्र में बच्चों का भावनात्मक आकर्षण, सोशल मीडिया और घंटों चैटिंग में उलझे रहना उनकी पढ़ाई, एकाग्रता और करियर पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
उर्वशी दत्त बाली के अनुसार, छठी-सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे कई बार भावनात्मक आकर्षण को ही सच्चा प्यार समझ बैठते हैं। इस उम्र में भावनाएं तेजी से विकसित होती हैं, जबकि सही और गलत के बीच संतुलित निर्णय लेने की क्षमता अभी परिपक्व हो रही होती है। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों को समझाने और सही दिशा दिखाने की विशेष जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि बच्चों की ऊर्जा चैटिंग, रील्स और अनावश्यक सोच-विचार में खर्च होगी, तो बोर्ड परीक्षाओं और करियर की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो सकता है। बच्चों को समझना चाहिए कि प्यार, रिश्ते और सोशल मीडिया जीवन में आगे भी मिल सकते हैं, लेकिन पढ़ाई और अपने भविष्य को संवारने का यह महत्वपूर्ण समय दोबारा नहीं लौटता।

“सस्ते ड्रामे में नहीं, अपने सपनों और काबिलियत को निखारने में लगाएं ताकत”
उर्वशी दत्त बाली ने कहा कि बच्चों को अपनी ऊर्जा अनावश्यक गतिविधियों में बर्बाद करने के बजाय अपने लक्ष्य, प्रतिभा और काबिलियत को विकसित करने में लगानी चाहिए। जब बच्चे अपने पैरों पर खड़े होंगे और अपनी पहचान बनाएंगे, तो उन्हें सम्मान और अवसर भी मिलेंगे।
उन्होंने इस समस्या के लिए अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जब बच्चों के स्कूल जाने, ट्यूशन, खेलने और खाने का समय निर्धारित किया जाता है, तो मोबाइल इस्तेमाल करने का समय भी तय होना चाहिए। माता-पिता को बच्चों के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए उनकी दिनचर्या पर ध्यान देना चाहिए और उन्हें ऐसे फैसलों से बचाना चाहिए जो उनके भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं।
मोबाइल इस्तेमाल के लिए प्रतिदिन एक घंटे का सुझाव
उर्वशी दत्त बाली ने सुझाव दिया कि बच्चों के हाथों में दिनभर मोबाइल रहने के बजाय उसके इस्तेमाल की स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए। उन्होंने प्रतिदिन रात 9 बजे से 10 बजे तक केवल एक घंटे मोबाइल देने और समय पूरा होने पर उसे वापस लेने का सुझाव दिया। उनका मानना है कि अनुशासित दिनचर्या, अभिभावकों की निगरानी और बच्चों के साथ संवाद से मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल को नियंत्रित किया जा सकता है।
अंत में उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे समय रहते बच्चों की आदतों पर ध्यान दें और उन्हें पढ़ाई, खेलकूद, पारिवारिक संवाद तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए माता-पिता को आज ही जिम्मेदारी निभानी होगी, क्योंकि समय पर उठाया गया सही कदम बच्चों के जीवन को बेहतर दिशा दे सकता है।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






