
काशीपुर।- जनपद ऊधमसिंह नगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया ने गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को फायर स्टेशन काशीपुर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अग्निशमन वाहनों, उपकरणों, संचार व्यवस्था, कार्यालय अभिलेखों और कर्मचारियों की कार्यदक्षता का जायजा लिया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन प्रभारी सुमित पंवार ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सलामी स्थल तक पहुंचाया। इसके बाद प्रशिक्षु एफएसएसओ काजल कुमारी के नेतृत्व में परेड कराकर विधिवत सलामी दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने परेड का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों की वर्दी, टर्नआउट और अनुशासन की जांच की तथा निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में कर्मचारियों ने लैडर ड्रिल और फोम मेकिंग ब्रांच के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त न्यूमैटिक एयर प्रेशर से संबंधित उपकरणों और ब्रीदिंग अपरेटस सेट के उपयोग की जानकारी एवं प्रदर्शन के माध्यम से अग्निशमन कर्मियों की तकनीकी दक्षता का जायजा लिया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को नियमित अभ्यास कराया जाए, ताकि आग लगने और धुएं से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य सुरक्षित तरीके से किए जा सकें।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने फायर स्टेशन में उपलब्ध अग्निशमन वाहनों और उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की। उन्होंने वाहनों के नियमित रखरखाव, मोबिल ऑयल सहित आवश्यक तकनीकी बिंदुओं की समय-समय पर जांच करने तथा सभी संसाधनों को हर समय क्रियाशील रखने के निर्देश दिए।
वॉचरूम और संचार व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला फायरमैन नमिता को सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अग्निकांड और अन्य आपातकालीन घटनाओं की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने तथा एमडीटी और विभागीय संचार प्रणाली की समुचित जानकारी रखने पर जोर दिया।
इसके बाद कार्यालय, अभिलेखों, स्टोर, बैरक और भोजनालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, परिसर में स्वच्छता और विभागीय संसाधनों की उचित देखभाल के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अंत में मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान किसी भी कर्मचारी ने कोई व्यक्तिगत अथवा विभागीय समस्या प्रस्तुत नहीं की। उन्होंने कर्मचारियों को नियमित पीटी एवं व्यायाम के माध्यम से शारीरिक दक्षता बनाए रखने, अग्निशमन और रेस्क्यू कार्यों के दौरान निर्धारित वर्दी तथा पीपीई किट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कर्मचारियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, विभागीय अनुशासन बनाए रखने तथा मुख्यालय एवं उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए भी निर्देशित किया।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






