
काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित एक दिवसीय संगोष्ठी ‘मेरे सपनों का भारत, सेवा संकल्प अभियान, विकसित भारत एवं अखिल भारतीय शिक्षा समागम’ में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों और युवाओं का मार्गदर्शन किया।
इस दौरान महापौर दीपक बाली ने मूल्यपरक शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व, सामुदायिक सेवा और विकसित भारत के संकल्प पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि युवा देश की वास्तविक ताकत हैं और भारत के समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र बनने में उनकी अहम भूमिका है। युवाओं को पूरी कर्मठता, ईमानदारी और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय युवाओं में विकास के क्षेत्र में विश्व का मार्गदर्शन करने तथा मानवता की रक्षा और कल्याण में योगदान देने की अपार क्षमता है।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य मुक्ता सिंह, बनबसा डिग्री कॉलेज के प्राचार्य ए.पी. सिंह, राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्य सुमित्रा श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक आकाश मिश्रा, रूपा आर्या, रुचि कुलश्रेष्ठ, छात्रसंघ अध्यक्ष गुरजिंदर सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अमन शर्मा सहित छात्रसंघ पदाधिकारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






