November 18, 2026
FB_IMG_1791718853276
Kashipur Samay News
Share this news

काशीपुर। जसपुर के पास बड़ी नहर के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद एसएसपी अजय गणपति ने कार्रवाई करते हुए दो चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया है। इनमें शिवराजपुर पट्टी चौकी प्रभारी सौरभ भारती और मंडी चौकी प्रभारी मनोज देव शामिल हैं। काम में लापरवाही सामने आने पर की गई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।

तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, तीन की मौत
जानकारी के अनुसार, एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरे ई-रिक्शा को जसपुर के पास बड़ी नहर के समीप तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कुंडा निवासी 26 वर्षीय ई-रिक्शा चालक शहजाद अली पुत्र रमजानी, स्यावल्दे (रामनगर) निवासी 65 वर्षीय शमशीदा पत्नी हुकूमत अली और उनके जेठ 75 वर्षीय शौकत अली पुत्र पिरा अली की मौके पर ही मौत हो गई।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, परिवार में मचा कोहराम
हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का गम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो सदस्यों समेत तीन लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने यातायात व्यवस्था पर उठाए सवाल
जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों में लोगों की जान जाने से यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। एसएसपी की ओर से दो चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर किए जाने की कार्रवाई को इसी मामले में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!