
‘स्वच्छता चौपाल’ में महापौर ने नागरिकों से मांगा सहयोग, गीला-सूखा कूड़ा अलग रखने और सड़क पर कूड़ा डालने वालों को रोकने की अपील
काशीपुर। नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 40 कचनाल गाजी की मानपुर रोड स्थित विश्वनाथ पुरम में ‘स्वच्छता चौपाल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने नागरिकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि “मैं काशीपुर शहर को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए आपका सहयोग मांगने आया हूं।”
महापौर ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं बन सकता, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कूड़ा कलेक्शन वाहन नहीं पहुंचता है तो वाहन पर लिखे नंबर पर संपर्क करें। इसके बावजूद समस्या का समाधान न होने पर नगर निगम अधिकारियों अथवा उनसे सीधे संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने क्षेत्र के कूड़ा कलेक्शन वाहन के चालक, सहायक और सुपरवाइजर सहित सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों से भी नागरिकों का परिचय कराया और उनके संपर्क नंबर उपलब्ध कराए।

गीला-सूखा कूड़ा अलग देने की अपील
महापौर दीपक बाली ने महिलाओं और परिवारों से विशेष अपील करते हुए कहा कि घर से निकलने वाले गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करके नगर निगम को दिया जाए। उन्होंने कहा कि कूड़े का पृथक्करण होने से उसके निस्तारण और रीसाइक्लिंग में काफी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर में वायु प्रदूषण की समस्या को कम करने के लिए भी प्रयास कर रहा है। 10 ईवीएम स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें तीन तैयार हो चुके हैं। उन्होंने नागरिकों से इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने तथा कम दूरी के लिए संभव हो तो पैदल चलने की अपील की।
“काशीपुर भी आपका अपना ड्राइंग रूम है”
महापौर ने कहा, “जिस तरह हम अपने ड्राइंग रूम को साफ रखते हैं, उसी तरह काशीपुर शहर भी आपका अपना ड्राइंग रूम है। इसे भी साफ, स्वच्छ और सुंदर रखने में सहयोग करें।”
उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा काशीपुर को काशी की तरह सजाने की घोषणा को धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी।

महापौर ने स्वच्छता साथियों और सुबह-शाम घूमने वाले बुजुर्गों से भी अपील की कि वे सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों को रोकें और यदि कोई व्यक्ति समझाने के बाद भी नहीं मानता है तो इसकी सूचना नगर निगम को दें।
खेल-खेल में बच्चों और नागरिकों को दिया स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता चौपाल में खेल-खेल के माध्यम से महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को गीले-सूखे कूड़े की पहचान, कूड़ा पृथक्करण और स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी दी गई। इस दौरान स्वच्छता साथियों का भी चयन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह सैनी एडवोकेट तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रशांत पंडित और नगर मंडल उपाध्यक्ष श्याम मोहन रहे। कार्यक्रम के संयोजक वार्ड पार्षद रवि प्रजापति ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए वार्ड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।

नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी और सफाई निरीक्षक गणेश ध्यानी ने भी स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया।
चौपाल में “मेरा वार्ड, मेरी जिम्मेदारी” का संदेश देते हुए नागरिकों से स्वच्छ काशीपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती सुषमा वशिष्ठ, अनु शर्मा, मंजू यादव, पार्षद वैशाली गुप्ता, दुर्गेश सेवाल, बबली जोशी, तुलसी, राजवंत, हेमा शर्मा उप्रेती, हरबंश लाल, महेशानंद लखेड़ा, सतीश चंद्र, युवा मोर्चा अध्यक्ष सचिन ठाकुर, मंडल महामंत्री वैभव गुप्ता, तरसेम सिंह, किसान मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र सहित चौधरी समरपाल सिंह, भाव्य पांडे, अजय कुमार, जसवीर सिंह सैनी समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






