November 18, 2026
file_000000006a0482119b7738bd0af652fe
Kashipur Samay News
Share this news

मोबाइल और हमारे बच्चे: डराएं नहीं, हर परिवार तय करे ‘एक निश्चित घंटा’


काशीपुर। डिजिटल युग में बच्चों के बीच मोबाइल और स्क्रीन के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर समाजसेविका एवं डी बाली ग्रुप की डायरेक्टर उर्वशी दत्त बाली ने अभिभावकों से डर या दबाव के बजाय समझदारी, संवाद और पारिवारिक अनुशासन अपनाने की अपील की है। उन्होंने ‘नियमित स्क्रीन समय, सुरक्षित बचपन’ की व्यावहारिक पहल को हर परिवार में लागू किए जाने पर जोर दिया।

उर्वशी दत्त बाली का कहना है कि आज तकनीक बच्चों की शिक्षा और दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुकी है। ऐसे में बच्चों को मोबाइल से पूरी तरह काटना व्यावहारिक नहीं है, लेकिन मोबाइल के इस्तेमाल के लिए स्पष्ट समय-सीमा और पारिवारिक नियम तय करना बेहद जरूरी है।

पिछले 22 वर्षों से कामकाजी महिला के रूप में सक्रिय उर्वशी दत्त बाली ने अपने व्यक्तिगत अनुभव को साझा करते हुए बताया कि कोविड काल में ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान उन्होंने पहली बार अपनी बेटी को मोबाइल दिया था। उन्होंने उसी समय यह स्पष्ट कर दिया था कि मोबाइल का इस्तेमाल पढ़ाई और खेल के अलावा सीमित समय में ही किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि घर की दिनचर्या के अनुसार बेटी के लिए रात 9 से 10 बजे तक का एक घंटा मोबाइल इस्तेमाल के लिए निर्धारित किया गया। यह नियम आज भी जारी है। उनकी बेटी अब 16 वर्ष की होने वाली है और निर्धारित समय पूरा होते ही वह स्वयं मोबाइल रख देती है।

उर्वशी दत्त बाली ने कहा कि प्रत्येक परिवार की सोने और उठने की दिनचर्या अलग होती है। इसलिए किसी एक समय को सभी पर लागू करने के बजाय हर परिवार अपनी सुविधा के अनुसार बच्चों के लिए मोबाइल का एक निश्चित घंटा तय करे। इस दौरान बच्चे गेम खेल सकते हैं या दोस्तों से बातचीत कर सकते हैं। इससे बच्चों को यह स्पष्ट रहेगा कि मोबाइल इस्तेमाल का उनका समय निर्धारित है और दिनभर मोबाइल के लिए जिद या परिवार में अनावश्यक विवाद की स्थिति भी कम हो सकती है।


‘अनुशासन की जिम्मेदारी माता-पिता की’
उन्होंने बच्चों की परवरिश में माता-पिता की भूमिका पर भी जोर दिया। विशेष रूप से माताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के अनुशासन की जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटना चाहिए। उन्होंने कहा कि मां का बच्चे पर स्वाभाविक प्रभाव होता है और प्यार के साथ स्पष्ट सीमाएं तय करके बच्चों को सही दिशा दी जा सकती है।

डराकर मोबाइल छुड़ाना सही तरीका नहीं
हाल ही में हल्द्वानी में मोबाइल छुड़ाने के नाम पर बच्चे की आंखों पर पट्टी बांधकर नकली खून दिखाए जाने के प्रकरण पर उर्वशी दत्त बाली ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बच्चे बेहद संवेदनशील होते हैं और उन्हें डराकर या भय का वातावरण बनाकर मोबाइल से दूर करना उचित तरीका नहीं है। इस तरह के अनुभव बच्चों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर सकते हैं तथा माता-पिता और बच्चों के बीच विश्वास को प्रभावित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि लगातार और अनियंत्रित स्क्रीन इस्तेमाल बच्चों की नींद, शारीरिक गतिविधि, पढ़ाई और सामाजिक व्यवहार को प्रभावित कर सकता है। इसलिए डर नहीं, बल्कि संवाद, अनुशासन और स्वस्थ स्क्रीन-टाइम की आदत विकसित करने की जरूरत है।

स्कूलों में भी हो जागरूकता
उर्वशी दत्त बाली ने कहा कि बच्चों को केवल घर में ही नहीं, बल्कि स्कूल स्तर पर भी डिजिटल अनुशासन के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। यदि बच्चों को सरल भाषा में समझाया जाए कि मोबाइल मनोरंजन का साधन है, लेकिन इसके इस्तेमाल की एक सीमा होनी चाहिए, तो वे स्वयं भी अपनी आदतों को नियंत्रित करना सीख सकते हैं।

उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि हर घर में बच्चों के लिए मोबाइल का एक निश्चित समय तय करें, उस नियम का लगातार पालन करें और बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें। उनका कहना है कि स्वस्थ डिजिटल आदतें बच्चों के सुरक्षित, संतुलित और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!