मौसम का बिगड़ा मिजाज: ऊधमसिंह नगर में 21 अगस्त को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद

Share this news

Kashipur Samay News

Share this news

काशीपुर/ऊधमसिंह नगर। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 20 अगस्त 2026 की शाम जारी मौसम पूर्वानुमान के आधार पर ऊधमसिंह नगर जिले में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।

मौसम विभाग ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। वहीं पर्वतीय जनपदों में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति को भी देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।

जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊधमसिंह नगर नितिन भदौरिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को जनपद ऊधमसिंह नगर के अंतर्गत संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा-12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा।



हालांकि, विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की सहायिका/कार्यकर्त्री अपने-अपने विद्यालय एवं केंद्रों में उपस्थित रहकर आवश्यक विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का किसी भी प्रकार से उल्लंघन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के प्रावधानों के तहत माना जाएगा और संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इसका कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए हैं।

आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!