काशीपुर। शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहल्ला अल्ली खां स्थित एक दुकान पर छापेमारी की। तहसीलदार पंकज चंदोला के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने करीब 40 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद कर जब्त कर ली। साथ ही दुकानदार मो. शाकिर पर ₹5,000 का अर्थदंड भी लगाया गया।
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मो. शाकिर अपनी दुकान में प्रतिबंधित पॉलीथिन का बड़ा स्टॉक रखकर शहर के कई छोटे दुकानदारों तक इसकी सप्लाई कर रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार पंकज चंदोला ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त टीम गठित कर बिना पूर्व सूचना के दुकान पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान दुकान से चार कट्टों में भरी लगभग 40 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन बरामद हुई। टीम ने पूरी खेप को जब्त कर नगर निगम के कब्जे में जमा करा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और क्षेत्र में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बन गई।

नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं प्रतिबंधित पॉलीथिन संबंधी नियमों के तहत दुकानदार पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने कहा कि प्रतिबंधित पॉलीथिन का निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर गणेश ध्यानी, इकबाल हुसैन, मुकर्रम अली सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। पूरी कार्रवाई तहसीलदार पंकज चंदोला की निगरानी में संपन्न हुई।
तहसीलदार पंकज चंदोला ने कहा कि शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। प्रतिबंधित पॉलीथिन पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने व्यापारियों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में भी शिकायत मिलने पर अचानक छापेमारी कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





