गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में निर्दलीय अभिषेक सुखीजा की जीत, भाजपा प्रत्याशी 94 वोटों से पराजित

Share this news

KASHIPUR SAMAY NEWS

Share this news

काशीपुर/जसपुर – गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव का परिणाम घोषित हो गया है। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी अभिषेक सुखीजा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा प्रत्याशी सचिन बटला को 94 मतों से पराजित कर दिया। भाजपा प्रत्याशी की ओर से की गई पुनर्मतगणना (रिकाउंटिंग) की मांग भी खारिज कर दी गई।


गुरुवार सुबह 8 बजे से मतगणना प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके लिए प्रशासन द्वारा सात मतगणना टेबलें स्थापित की गई थीं। मतगणना केंद्र पर सुबह से ही प्रत्याशियों, निर्वाचन अभिकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही। परिणामों को लेकर क्षेत्र में उत्साह और उत्सुकता का माहौल देखने को मिला।


कई दौर की मतगणना के बाद निर्दलीय उम्मीदवार अभिषेक सुखीजा ने भाजपा प्रत्याशी सचिन बटला को 94 मतोंके अंतर से हराकर जीत अपने नाम की। इस जीत के साथ ही अभिषेक सुखीजा गढ़ीनेगी नगर पंचायत के नए अध्यक्ष निर्वाचित हो गए। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों ने खुशी का इजहार करते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया।


मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मतगणना स्थल के भीतर और बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा तथा केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई।


शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई इस चुनाव प्रक्रिया में क्षेत्र की जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए अभिषेक सुखीजा पर भरोसा जताया और उन्हें नगर पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!