काशीपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम इस्लामनगर बसई, काशीपुर में पीएम सूर्य घर योजना एवं आयुष्मान भारत योजना कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों और जनहित योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जमाल सिद्दीकी ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। भाजपा का लक्ष्य है कि सरकार की हर योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल वहाब कासमी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आयुष्मान भारत और पीएम सूर्य घर जैसी योजनाएं गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सशक्त बना रही हैं।

पूर्व विधायक प्रत्याशी जसपुर विधानसभा डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। वहीं जिला उपाध्यक्ष भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा आसिफ चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का काशीपुर आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायक है और संगठन जन-जन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर भाजपा नेता राम मेहरोत्रा, इंतजार हुसैन, शाहनवाज, रिजवान, रोहित चौधरी, ताहिर चौधरी, मासूम चौधरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





