काशीपुर में बड़ा हादसा टला, रोडवेज बस पेड़ से टकरा, 13 यात्री घायल

Share this news

KASHIPUR SAMAY NEWS

Share this news

काशीपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब देहरादून से हल्द्वानी जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई. दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों, पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.

काशीपुर में आज शनिवार को बड़ा सड़क हादसा होते-होते उस समय टल गया, जब देहरादून डिपो की रोडवेज बस संख्या यूके-07 पीए-4512 बेकाबू होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई. यह बस देहरादून से हल्द्वानी की ओर जा रही थी और अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी. हादसा उस समय हुआ जब बस काशीपुर स्थित मंडी समिति के सामने पहुंची.

अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे एक पेड़ से जा टकराई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. हादसे के समय बस में कुल 26 यात्री सवार थे. दुर्घटना में 13 यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की. सूचना मिलने पर पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम भी मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.


चिकित्सकों के अनुसार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना का कारण बस चालक को आई नींद की झपकी माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि चालक को अचानक झपकी आने से बस अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई. हालांकि पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है.

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा. बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया, इस संबंध में रोडवेज के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है.

सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया और बाद में उन्हें दूसरी रोडवेज बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य हल्द्वानी के लिए रवाना कर दिया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. समय रहते हुए राहत और बचाव कार्य तथा बस के पेड़ से टकराकर रुक जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा नुकसान और भी अधिक हो सकता था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!