November 17, 2026
file_00000000cf00820bb23b0e9655ec6cb8
नैनीताल हाईकोर्ट का निर्देश: काशीपुर छात्रसंघ चुनाव के बैलेट पेपर सुरक्षित रखने के आदेश
Share this news

नैनीताल ।- उत्तराखंड हाईकोर्ट ने काशीपुर के राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव से जुड़ी याचिका पर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के अनुरूप तत्काल शिकायत निवारण सेल (ग्रीवांस रिड्रेसल सेल) गठित करने और याचिकाकर्ता की शिकायत पर विचार करने को कहा है। साथ ही अध्यक्ष पद के चुनाव में इस्तेमाल किए गए बैलेट पेपर सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए हैं।

चुनाव परिणाम में गड़बड़ी का आरोप

छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी कुलदीप सिंह ने याचिका दायर कर मतगणना में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि चुनाव परिणाम में काट-छांट और बदलाव कर प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी गुरजिंदर सिंह के पक्ष में वोट बढ़ाए गए। इसके अलावा, नोटा के मत कम दिखाकर दूसरे प्रत्याशी के पक्ष में अधिक वोट जोड़े जाने का भी आरोप लगाया गया है।

सीसीटीवी फुटेज और बैलेट पेपर सुरक्षित रखने की मांग

याचिकाकर्ता ने मामले की जांच पूरी होने तक सीसीटीवी फुटेज और इस्तेमाल किए गए बैलेट पेपर सुरक्षित रखने की मांग की थी। इस पर हाईकोर्ट ने शिकायत निवारण सेल के गठन और याचिकाकर्ता की शिकायत पर विचार करने के निर्देश दिए।

कोर्ट ने महाविद्यालय के प्राचार्य को अध्यक्ष पद के चुनाव में इस्तेमाल किए गए बैलेट पेपर सुरक्षित रखने के संबंध में आवश्यक आदेश पारित करने को भी कहा है।

पुनर्मतगणना में 11 वोट से जीते गुरजिंदर सिंह

गौरतलब है कि छात्रसंघ चुनाव के परिणाम को लेकर दोबारा मतगणना कराई गई थी। पुनर्मतगणना में गुरजिंदर सिंह को 996 वोट मिले, जबकि कुलदीप सिंह को 985 वोट प्राप्त हुए। इस तरह गुरजिंदर सिंह को 11 मतों के अंतर से विजेता घोषित किया गया।

मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी की एकलपीठ में हुई। कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए शिकायत निवारण सेल के गठन, शिकायत पर विचार और बैलेट पेपर सुरक्षित रखने के संबंध में निर्देश जारी किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!