November 18, 2026
file_000000005294820ba177f6085bf7064c
Kashipur Samay News
Share this news

जसपुर। राज्यमंत्री डॉ. यूनुस चौधरी ने हल्द्वानी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर जसपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने मानसून के मद्देनजर ढेला नदी में पिचिंग कार्य कराने, क्षेत्र की तीन सड़कों के निर्माण सहित जनहित से जुड़े कई विषयों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

डॉ. यूनुस चौधरी ने मुख्यमंत्री के समक्ष ढेला नदी में मानसून के दौरान संभावित समस्याओं को देखते हुए पिचिंग कार्य कराए जाने की मांग रखी। इसके साथ ही जसपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन सड़कों के निर्माण की आवश्यकता से भी अवगत कराया, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

बैठक के दौरान उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही हुनर परिषद का कार्यालय जसपुर विधानसभा क्षेत्र में खुलने जा रहा है। इससे क्षेत्र में संबंधित गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय लोगों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है।

डॉ. यूनुस चौधरी ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र की जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने तथा विकास कार्यों को गति देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार और आमजन की समस्याओं का निराकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

मीडिया से बातचीत में डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि जनसेवा उनकी प्राथमिकता और जसपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनका संकल्प है। उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!