November 18, 2026
file_00000000d4c08211932ddaa20e0f4ff1
Kashipur Samay News
Share this news

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय ने जारी की संशोधित सूचना, सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना

उधमसिंह नगर। किच्छा नगर पालिका परिषद एवं सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं सभासद पदों के निर्वाचन की मतगणना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। सुप्रीम कोर्ट के 5 अक्टूबर 2026 के आदेश के बाद दोनों नगर पालिकाओं की मतगणना 7 अक्टूबर 2026 को कराए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निकाय) नितिन सिंह भदौरिया की ओर से जारी संशोधित सूचना में बताया गया है कि किच्छा एवं सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के चुनाव की मतगणना 7 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से कार्य समाप्ति तक कराई जाएगी।

सुप्रीम कोर्ट ने दिया मतगणना कराने का निर्देश
मामले में Aleena Malik बनाम State of Uttarakhand & Others से संबंधित सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने 5 अक्टूबर को आदेश जारी करते हुए कहा कि 30 सितंबर 2026 के आदेश का प्रभाव एवं संचालन अगले आदेश तक स्थगित रहेगा। साथ ही किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के लिए 22 सितंबर को मतदान हो चुका होने के कारण उनकी मतगणना कराकर परिणाम तत्काल घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं।

7 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगी काउंटिंग
जिला निर्वाचन कार्यालय की संशोधित समय-सारणी के अनुसार दोनों नगर पालिकाओं की मतगणना 7 अक्टूबर, बुधवार को सुबह 8 बजे शुरू होगी और कार्य समाप्त होने तक जारी रहेगी। संबंधित निर्वाचन अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार करने तथा संबंधित कार्यालयों एवं निकायों के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।

किच्छा और सिरौली कलां के चुनाव परिणाम पर टिकी नजरें
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अब किच्छा और सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं सभासद पदों के प्रत्याशियों के चुनाव परिणाम का रास्ता साफ हो गया है। 7 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के बाद दोनों नगर पालिकाओं के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!