November 17, 2026
file_00000000e41481fbb6705f12c164cf5f
Kashipur Samay News
Share this news

काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने मंगलवार सुबह लक्ष्मीपुर माइनर प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और सामने आ रही बाधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग, यूपीसीएल, नगर निगम और निर्माण संस्था के अधिकारियों व इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचकर शेष कार्य को जल्द पूरा कराने को लेकर चर्चा की।

आधा काम पूरा, शेष हिस्से में जल्द शुरू होगा निर्माण

महापौर ने बताया कि लक्ष्मीपुर माइनर का लगभग आधा कार्य पूरा हो चुका है। बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर सहित कुछ तकनीकी और स्थानीय समस्याओं के कारण शेष कार्य प्रभावित हुआ था। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों और निर्माण संस्था के बीच समस्याओं के समाधान पर सहमति बनी। महापौर के अनुसार कल या परसों से शेष हिस्से में निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने की उम्मीद है।

नहर कवर होने के बाद विकसित हो सकती है यातायात व्यवस्था

महापौर ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर को कवर किए जाने के बाद इसके ऊपर यातायात व्यवस्था विकसित किए जाने की संभावना है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान आने वाली किसी भी समस्या का संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर समाधान कराया जाएगा।

स्थायी निर्माण नहीं तोड़ा जाएगा, अस्थायी अतिक्रमण हटेगा

नहर के ऊपर बने मकानों और अन्य निर्माण को लेकर महापौर ने स्पष्ट किया कि किसी के स्थायी निर्माण को नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य नहीं है। हालांकि जाल, लोहे की सीढ़ी या अन्य सामान लगाकर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाने के लिए लोगों से सहयोग मांगा गया है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्माण कराया जाएगा और अनावश्यक रूप से किसी को नुकसान न पहुंचे, इसका प्रयास रहेगा।

माइनर की गंदगी पर भी सफाई और प्रबंधन की कवायद

ढेला नदी में गंदे पानी के सवाल पर महापौर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से गंदे पानी के उपचार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि 35 एमएलडी क्षमता के चार एसटीपी प्लांट संचालित हैं। महापौर और नगर आयुक्त समय-समय पर एसटीपी का निरीक्षण करते हैं। लक्ष्मीपुर माइनर में मौजूद गंदगी की सफाई और उसके बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील

महापौर ने आबादी वाले क्षेत्र में चल रहे निर्माण को देखते हुए स्थानीय लोगों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और पार्षदों ने परियोजना को जल्द पूरा कराने में सहयोग का आश्वासन दिया है।

इस दौरान नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, शशांक गहतोड़ी, एक्सईएन सिंचाई ए.के. गुप्ता, एक्सईएन यूपीसीएल अजित कुमार, पूर्व चेयरमैन शमसुद्दीन, एसडीओ यूपीसीएल महक मिश्रा, एई सिंचाई केशव सिंह, जेई राजू, पार्षद अब्दुल कादिर, जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला, नामित पार्षद दुर्गेश गुप्ता, सुमित प्रजापति, एडवोकेट अशरफ सैफी, पिंटू सैनी समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!