
काशीपुर। गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र, काशीपुर की ओर से शरदकालीन गन्ना बुवाई एवं चीनी परता में सुधार के लिए नवीनतम तकनीकी विषयों पर एक दिवसीय गन्ना कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। आयुक्त गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तराखंड के निर्देश पर आयोजित गोष्ठी 24 सितंबर 2026 को गन्ना किसान संस्थान एवं प्रशिक्षण केंद्र, काशीपुर के प्रेक्षागृह में हुई।
गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को शरदकालीन गन्ना बुवाई की नवीनतम तकनीक, स्वीकृत नवीनतम गन्ना प्रजातियों एवं स्वस्थ गन्ना बीज के चयन, संतुलित खाद एवं उर्वरक प्रबंधन तथा चीनी परता में सुधार के लिए आधुनिक तकनीक की जानकारी देना रहा। साथ ही प्रति इकाई उत्पादन बढ़ाने और कम लागत में अधिक उपज प्राप्त करने की तकनीकों से किसानों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुक्त गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग श्री त्रिलोके सिंह मर्तोलिया ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि गन्ना किसानों को उन्नत प्रजातियों के बीज, खाद एवं दवाइयां समितियों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी शरदकाल में गन्ना किसानों को अधिक से अधिक क्षेत्रफल में गन्ने की बुवाई के लिए विभाग की ओर से हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

गन्ना शोध केंद्र काशीपुर के वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ कश्यप ने शरदकालीन गन्ना बुवाई के लिए नवीनतम तकनीकी जानकारी देते हुए नवीनतम गन्ना प्रजातियों की जानकारी दी। उन्होंने कोलखण्ड 16202, को.शा. 17231, को.शा. 18231, को.शा. 19231, को.शा. 15023, को.लख 14201, को.पन्त 12226 एवं को.पन्त 12221 जैसी नवीनतम प्रजातियों की बुवाई पर जोर दिया।
गोविंद बल्लभ कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर की डॉ. गीता शर्मा ने किसानों को गन्ने में लगने वाले विभिन्न रोगों की पहचान तथा उनकी रोकथाम के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं डॉ. रवि मौर्य ने गन्ने में लगने वाले विभिन्न कीटों की पहचान और उनके नियंत्रण के उपाय बताए।
गन्ना शोध केंद्र काशीपुर के प्रभारी अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने गन्ने की उन्नत खेती एवं पैदावार प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। गोष्ठी के दौरान किसानों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं उनकी शंकाओं का समाधान वैज्ञानिकों तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्रचार एवं जनसंपर्क अधिकारी श्री नीलेश कुमार, सहायक गन्ना आयुक्त श्री आशीष नेगी, सहायक गन्ना आयुक्त जनपद हरिद्वार, सहायक गन्ना आयुक्त जनपद देहरादून एवं सहायक गन्ना आयुक्त ऊधमसिंह नगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। गोष्ठी में 80 किसानों तथा 119 अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






