
काशीपुर। चंद्रावती तिवारी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से एनएसएस स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
स्थापना दिवस के अवसर पर स्वयंसेवी छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, गुजराती, कुमाऊनी, गढ़वाली, जौनसारी एवं पंजाबी प्रस्तुतियों के साथ ही एकल नृत्य और एनएसएस लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया गया। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों एवं शिक्षिकाओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान ‘राष्ट्रीय सेवा योजना’ विषय पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई। रंगोली के माध्यम से छात्राओं ने सेवा, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और जनहित का संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वंदना सिंह ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए समाज सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के लिए जागरूक करना है।

महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपिका आत्रेय ने एनएसएस स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने छात्राओं को राष्ट्रीय सेवा योजना की विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन स्वयंसेवी कु. आरती शर्मा एवं मुस्कान सिंह ने किया। कार्यक्रम में डॉ. गीता मेहरा, डॉ. अंजलि गोस्वामी, डॉ. रंजना, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रमा अरोरा, डॉ. पुष्पा धामा, श्रीमती शीतल अरोरा, श्रीमती प्राची धौलाखंडी, डॉ. ज्योति गोयल, डॉ. ज्योति रावत, डॉ. दीपा चनियाल, श्रीमती कृति टंडन एवं कुमारी सृष्टि सिंह सहित महाविद्यालय की छात्राएं एवं अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






