काशीपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर में मनःप्रभावी औषधि ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय एवं भंडारण में अनियमितताओं की जांच को लेकर प्रशासन और औषधि विभाग ने बुधवार, 19 अगस्त 2026 को काशीपुर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश एवं उप औषधि नियंत्रक के निर्देशन में उपजिलाधिकारी काशीपुर अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में औषधि विभाग ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न थोक मेडिकल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
क्रय-विक्रय अभिलेखों का सत्यापन नहीं मिला संतोषजनक
छापेमारी के दौरान जय लक्ष्मी सर्जिकल और बंसल फार्मास्यूटिकल, काशीपुर में ट्रामाडोल के क्रय के सापेक्ष विक्रय एवं भुगतान से संबंधित अभिलेखों का सत्यापन संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद दोनों प्रतिष्ठानों के औषधि संबंधी क्रय-विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाते हुए प्रतिष्ठानों को बंद कराने की कार्रवाई की गई।
वहीं, यूनिक सर्जिकल, मोहल्ला अल्लीखां, काशीपुर में भी प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की। फर्म स्वामी के मौके से चले जाने और बुलाए जाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने पर प्रशासन द्वारा प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया।
नाइस मेडिकोज को सात दिन में दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नाइस मेडिकोज, काशीपुर को ट्रामाडोल के क्रय-विक्रय से संबंधित सभी दस्तावेज एवं अभिलेख सात दिनों के भीतर सत्यापन के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद मेडिकल प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री, भंडारण और वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
प्रशासन के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद में ट्रामाडोल सहित मनःप्रभावी औषधियों के अवैध अथवा अनियमित क्रय-विक्रय और भंडारण की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। मेडिकल प्रतिष्ठानों को औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख नियमानुसार संधारित करने के निर्देश दिए गए हैं।
संयुक्त टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर नीरज कुमार, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नैनीताल मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक ऊधमसिंह नगर निधि शर्मा एवं शुभम कोटनाला, औषधि निरीक्षक नैनीताल अर्चना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस कर्मी शामिल रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई में काशीपुर के तीन मेडिकल प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, जबकि एक प्रतिष्ठान को ट्रामाडोल से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747




