मुस्लिम समाज काशीपुर ने SIR प्रक्रिया में फर्जी आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग, SDM को सौंपा ज्ञापन

Share this news

Kashipur Samay News

Share this news

काशीपुर, 07 अगस्त। मुस्लिम समाज, काशीपुर के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (SDM) काशीपुर से मुलाकात कर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में चल रही SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया के दौरान एक ही व्यक्ति द्वारा फर्जी तरीके से सैकड़ों मतदाताओं पर आपत्तियां दर्ज किए जाने का गंभीर मामला उनके संज्ञान में कराया।


प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराई जाए। यदि किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर झूठी अथवा फर्जी आपत्तियां दर्ज कर मतदाताओं को परेशान करने का प्रयास किया गया है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।


मुस्लिम समाज, काशीपुर द्वारा प्रत्यक्ष साक्ष्य के रूप में उन मतदाताओं को भी उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिनके विरुद्ध बिना किसी तथ्यात्मक आधार के झूठी आपत्तियां दर्ज कर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है।


प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि प्रत्येक आपत्ति का निष्पक्ष परीक्षण किया जाए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित जांच, सुनवाई एवं विधिक प्रक्रिया का पालन किए मतदाता सूची से न हटाया जाए।


मुस्लिम समाज, काशीपुर ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज प्रत्येक वैधानिक कदम उठाएगा तथा सभी मतदाताओं के हितों की सुरक्षा हेतु सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। साथ ही समाज ने मांग की कि जिन लोगों ने फर्जी आपत्तियां दर्ज की हैं, उन्हें भी बुलाकर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।


ज्ञापन देने वालों में पूर्व चेयरमैन काशीपुर शमशुद्दीन, हसीब खान (पूर्व विधायक प्रत्याशी), एडवोकेट अशरफ सिद्दीकी, अशरफ डीलर, शफीक अहमद अंसारी, डॉ. एम. ए. राहुल, ज़फर मुन्ना, डॉ. अब्दुल शकूर, पार्षद राशिद फारूकी, पार्षद मोशिरा आशी, पूर्व संयुक्त सचिव छात्र संघ वसीम अकरम, अजहर कस्सार, मोनू सिद्दीकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!