नानकमत्ता में पुलिस मुठभेड़, युवक से लूट और अप्राकृतिक कृत्य का मुख्य आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Share this news

Kashipur Samay News

Share this news

नानकमत्ता/ऊधम सिंह नगर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक के साथ लूट, मारपीट एवं अप्राकृतिक कृत्य की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय भेजा गया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 6/7 अगस्त 2026 की रात प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक के नेतृत्व में नानकमत्ता पुलिस वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी बेरीघाट, खटीमा की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भाग निकला।


पुलिस ने आरोपी का पीछा किया। करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में उसकी बाइक फिसल गई। इसके बाद आरोपी झाड़ियों की आड़ लेकर पुलिस पर दोबारा फायरिंग करने लगा। पुलिस द्वारा कई बार आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी नहीं माना। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया के साथ मिलकर 5 अगस्त 2026 को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसका पर्स और नकदी लूटी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने युवक के साथ अप्राकृतिक कृत्य किए जाने की बात भी कबूल की। घटना के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था और इसी कारण पुलिस पर फायरिंग की।


पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल दोनों अन्य आरोपियों दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में बीएनएस की धारा 109(1), 317(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।


बरामदगी
.315 बोर का एक अवैध तमंचा
एक खोखा कारतूस
एक जिंदा कारतूस
लूटा गया पर्स
₹1,220 भारतीय मुद्रा
₹30 नेपाली मुद्रा
एक्सिस बैंक का एटीएम कार्ड
मोबाइल खरीद का बिल
पासपोर्ट साइज फोटो
बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल


एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!