नगर निगम काशीपुर के पार्षद एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा आज निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 63-काशीपुर विधानसभा को एक ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज की गई संदिग्ध एवं निराधार आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 124, 122, 135, 137, 31, 207, 193 सहित लगभग 30 से अधिक मतदान केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। यह भी संज्ञान में आया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा अत्यधिक संख्या में आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता पर प्रश्नचिह्न उत्पन्न हो रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने आशंका व्यक्त की है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं की गई, तो अनेक वास्तविक एवं पात्र मतदाताओं के संवैधानिक मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। विशेष रूप से यह मांग की गई है कि एक सक्षम जांच समिति गठित कर सभी आपत्तियों की सत्यता, आधार एवं प्रक्रिया की विस्तृत जांच कराई जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जांच पूरी होने तक किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल संदिग्ध आपत्तियों के आधार पर मतदाता सूची से विलोपित न किया जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, दुरुपयोग या सुनियोजित षड्यंत्र सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध निर्वाचन कानूनों के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए

जनप्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्वाचन आयोग एवं प्रशासन निष्पक्ष, पारदर्शी एवं स्वतंत्र निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने हेतु इस गंभीर प्रकरण का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा। इस मौके पर पार्षद अब्दुल कादिर पार्षद रशीद फारुकी पार्षद सरफराज हुसैन पार्षद सादिक हुसैन पार्षद शाह आलम पार्षद हनीफ गुड्डू पार्षद मोहम्मद आरिफ मौजूद रहे ।
जारीकर्ता:
अब्दुल कादिर
पार्षद, वार्ड संख्या-12, लक्ष्मीपुर पट्टी, काशीपुर
एवं समस्त पार्षदगण, नगर निगम काशीपुर।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





