काशीपुर। कुंडेश्वरी रोड स्थित साईं मंदिर के निकट खराब एवं अनियमित रूप से संचालित स्ट्रीट लाइटों को लेकर स्थानीय निवासियों ने नगर निगम प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों ने महापौर और नगर आयुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर समस्या के समाधान की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र की कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जबकि कुछ लाइटें दिन के समय भी लगातार जल रही हैं, जिससे बिजली की अनावश्यक खपत हो रही है। इसके अलावा कुंडेश्वरी मुख्य मार्ग के कई हिस्सों में पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें नहीं होने के कारण शाम और रात के समय राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि अंधेरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की आशंका भी बनी रहती है, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
साईं मंदिर क्षेत्र के निवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, दिन में जल रही लाइटों के संचालन को नियमित किया जाए तथा जहां आवश्यकता है वहां नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों और राहगीरों को सुरक्षित एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिल सके।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





