
काशीपुर। तहसील काशीपुर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनगणना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में तहसीलदार पंकज चंदोला ने जनगणना प्रक्रिया की जानकारी देते हुए क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नागरिक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्वगणना कर सकते हैं। इससे जनगणना प्रक्रिया को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेेंगे 350 प्रगणक
तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि तहसील काशीपुर के अंतर्गत लगभग 350 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है। ये प्रगणक 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि घर-घर सर्वे शुरू होने से पहले ही नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन स्वगणना करने की सुविधा दी गई है।
ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं स्वगणना
तहसीलदार ने बताया कि स्वगणना के लिए निर्धारित लिंक विभिन्न मीडिया पोर्टलों के माध्यम से साझा किया गया है। इसके अतिरिक्त नागरिक भारत सरकार के जनगणना महापंजीयक कार्यालय के आधिकारिक पोर्टल से भी स्वगणना का लिंक प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस सुविधा का लाभ उठाने का आह्वान किया।

स्वगणना आईडी सुरक्षित रखना जरूरी
पंकज चंदोला ने बताया कि ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नागरिकों को एक विशिष्ट आईडी प्राप्त होगी। सभी नागरिक इस आईडी को सुरक्षित रखें। जब प्रगणक जनगणना के लिए उनके घर पहुंचें, तो उन्हें अपनी स्वगणना आईडी उपलब्ध कराएं, ताकि पहले से की गई स्वगणना की जानकारी प्रगणक को मिल सके।
नागरिकों से अधिक से अधिक स्वगणना करने की अपील
तहसीलदार पंकज चंदोला ने काशीपुर तहसील के समस्त शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना प्रक्रिया में भाग लें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग और सहभागिता से जनगणना कार्य को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहायता मिलेगी।
स्वगणना लिंक 🔗

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






