
भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर फिर किया 15 प्रतिशत, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने माना महापौर का अनुरोध
दीपक बाली ने जताया मुख्यमंत्री का आभार, बोले— फैसले से व्यापारियों, निवेशकों और ग्राहकों को मिलेगी बड़ी राहत
काशीपुर। प्रदेशभर के भू-व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों, निवेशकों और ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। भूमि उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज कन्वर्जन) शुल्क में की गई भारी वृद्धि को लेकर काशीपुर के महापौर दीपक बाली द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाई गई मांग को स्वीकार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री ने बढ़ाए गए कन्वर्जन शुल्क को कम करते हुए कमर्शियल कारोबार के लिए 150 प्रतिशत के स्थान पर पूर्व की भांति 15 प्रतिशत किए जाने का निर्णय लिया है।
महापौर के प्रयासों से पूरे प्रदेश को मिलेगा लाभ
हालांकि इस मांग को काशीपुर के व्यापारियों ने महापौर दीपक बाली के माध्यम से उठाया था, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा इस संबंध में लिया गया निर्णय अब पूरे उत्तराखंड के व्यापारियों एवं ग्राहकों को राहत प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री के इस फैसले से काशीपुर सहित प्रदेशभर के व्यापारिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में खुशी का माहौल है। महापौर दीपक बाली और भू-व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।

व्यापारियों की समस्या लेकर मुख्यमंत्री से मिले थे दीपक बाली
उल्लेखनीय है कि भूमि उपयोग परिवर्तन एवं उच्चीकरण शुल्क को पूर्व निर्धारित 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत तथा कमर्शियल आधार पर 150 प्रतिशत किए जाने के बाद प्रदेशभर के भू-व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और खरीदारों में निराशा थी। शुल्क में हुई इस वृद्धि से छोटे एवं मध्यम स्तर के व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक कठिनाइयां खड़ी हो गई थीं।
अपनी समस्या को लेकर काशीपुर के व्यापारी गत माह महापौर दीपक बाली से मिले थे। व्यापारियों ने उन्हें अपनी परेशानियों से अवगत कराते हुए शुल्क वृद्धि को वापस कराने की मांग की थी। इस पर महापौर ने आश्वासन दिया था कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस समस्या के समाधान का अनुरोध करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया था कि मुख्यमंत्री व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्हें राहत अवश्य देंगे।
31 अक्टूबर को मुख्यमंत्री को सौंपा था अनुरोध पत्र
व्यापारियों को दिए गए आश्वासन के अनुरूप महापौर दीपक बाली बीती 31 अक्टूबर को देहरादून पहुंचे थे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें अनुरोध पत्र सौंपा और भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क में की गई वृद्धि से व्यापारियों, निवेशकों एवं ग्राहकों को हो रही परेशानियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया था। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
मुख्यमंत्री ने अपने इसी आश्वासन के तहत देहरादून में आयोजित कैबिनेट बैठक में व्यापारियों एवं ग्राहकों के हितों के साथ-साथ प्रदेश के विकास को ध्यान में रखते हुए बढ़ाए गए शुल्क को घटाकर पुनः 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय का प्रदेशभर के भू-व्यापारियों ने स्वागत किया है।
शुल्क वृद्धि से कारोबार, रोजगार और निवेश पर पड़ रहा था असर
महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री को सौंपे गए अनुरोध पत्र में बताया था कि भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क को 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत तथा कमर्शियल आधार पर 150 प्रतिशत किए जाने से छोटे और मध्यम स्तर के व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों के सामने गंभीर आर्थिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि इसका प्रभाव केवल कारोबारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की व्यावसायिक गतिविधियों, रोजगार के अवसरों और निवेश की संभावनाओं पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा।
महापौर ने आग्रह किया था कि जनहित और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इस शुल्क को पुनः युक्तिसंगत एवं व्यावहारिक स्तर पर निर्धारित किया जाए, ताकि काशीपुर सहित पूरे प्रदेश के व्यापारियों और निवेशकों को राहत मिल सके तथा स्थानीय विकास की गतिविधियां भी प्रभावित न हों। मुख्यमंत्री ने इस मामले में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।

रियल एस्टेट कारोबारियों और ग्राहकों को मिलेगी राहत
महापौर दीपक बाली के अनुसार, भूमि उपयोग परिवर्तन शुल्क में व्यावहारिक राहत मिलने से अब पूरे प्रदेश के व्यापारियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और खरीदारों को बड़ी मदद मिलेगी। इससे रियल एस्टेट क्षेत्र में लंबे समय से कार्य कर रहे कारोबारियों को भी राहत मिलेगी तथा भविष्य में निवेश की संभावनाएं मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए दीपक बाली ने कही यह बात
महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों एवं ग्राहकों के हित में लिया गया यह निर्णय महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस फैसले से साबित किया है कि वह धरातल की समस्याओं को समझते हैं और प्रदेश के कारोबारियों, निवेशकों तथा विकास के प्रति गंभीर हैं।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के इस निर्णय से काशीपुर के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड के भू-व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों और ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस जनहितकारी निर्णय के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।


शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






