November 17, 2026
file_00000000b8a081f59c6858fd0ac96e8a
Kashipur Samay News
Share this news

क्रय केंद्रों पर कांटे और सरकारी पोर्टल शुरू न होने से किसान परेशान, तत्काल खरीद शुरू कराने की मांग

काशीपुर। धान खरीद सत्र शुरू होने के बावजूद सरकारी क्रय केंद्रों पर अब तक तौल शुरू न होने को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।

अलका पाल ने कहा कि 1 अक्टूबर से धान खरीद शुरू होनी थी, लेकिन अभी तक कई सरकारी क्रय केंद्रों पर कांटे तक नहीं लगाए गए हैं और न ही सरकारी पोर्टल पूरी तरह शुरू किए गए हैं। इसके चलते किसान अपनी फसल बेचने को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद शुरू न होने के कारण किसानों को खुले बाजार में कम कीमत पर अपनी उपज बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर किन कारणों से अब तक सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की तौल शुरू नहीं हो पाई है।

अलका पाल ने मांग की कि 25 प्रतिशत तक नमी वाले धान की तौल की व्यवस्था की जाए और पंजीकरण के लिए किसानों की उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त की जाए। साथ ही प्रति हेक्टेयर औसतन 65 क्विंटल धान की खरीद सुनिश्चित करने तथा वर्ग 1-क और 1-ख के अलावा अन्य श्रेणियों में उत्पादित धान की भी खरीद की व्यवस्था किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि प्राकृतिक परिस्थितियों के कारण 15 अक्टूबर तक धान में नमी का स्तर 17 प्रतिशत से अधिक रह सकता है। ऐसे में सरकार को किसानों की स्थिति को देखते हुए तत्काल धान खरीद शुरू करानी चाहिए।

अलका पाल ने कहा कि धान खरीद में देरी किसानों के साथ अन्याय है। सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट और प्रभावी व्यवस्था लागू करनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि पूरे जिले में करीब 500 करोड़ रुपये राइस मिलर्स का सरकार पर बकाया है। पिछला भुगतान नहीं होने के कारण जिलेभर के राइस मिलर्स भी असमंजस की स्थिति में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर और व्यापारी सहित हर वर्ग परेशान है।

अलका पाल ने कहा कि अन्नदाता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस किसानों के हितों की आवाज लगातार उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!