November 18, 2026
file_00000000d11881f4b36dcdd13358461b
Kashipur Samay News
Share this news

डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर अर्पित किए श्रद्धासुमन, सत्य-अहिंसा और ईमानदारी के मार्ग पर चलने का किया आह्वान

रुद्रपुर, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो गया।

महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को महापुरुषों के जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

सत्य, सकारात्मक सोच और ईमानदारी पर दिया जोर

डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सदैव सत्य के साथ चलना चाहिए तथा अपने मन और वाणी को सकारात्मक रखना चाहिए। महात्मा गांधी ने देश में अनेकता में एकता की भावना को मजबूत करने के साथ सामाजिक कुरीतियों के समाधान के लिए धैर्यपूर्वक प्रयास किए। उन्होंने देश को एकजुट करने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करना चाहिए, क्योंकि कर्म ही पूजा है। समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा, तभी समग्र विकास संभव है। उन्होंने गांधी जी के विचारों के अनुरूप कथनी और करनी में एकरूपता लाने पर भी जोर दिया।

‘जय जवान, जय किसान’ का दिया संदेश

जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि यह देश के समग्र विकास की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा आगे बढ़ेगा और किसान खुशहाल होंगे, तभी देश विकास की नई गाथा लिख सकेगा।

युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

जिलाधिकारी ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने जीवन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और स्वस्थ, शिक्षित एवं जागरूक युवा ही देश को आगे ले जा सकते हैं।

कार्यक्रम में अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, ओसी हिमांशु क़फ़्लटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!