November 18, 2026
file_0000000031f481f5aaab375be7f61c20
Kashipur Samay News
Share this news

बीमा कंपनी को छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित भुगतान के आदेश, मृतक की पत्नी, पुत्र व पुत्री ने दायर किया था दावा

काशीपुर। अधिवक्ता अब्दुल सलीम की प्रभावी पैरवी और प्रस्तुत तर्कों से संतुष्ट होकर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण/द्वितीय अपर जिला जज काशीपुर उदय प्रताप सिंह की अदालत ने सड़क हादसे में मृत जमशीद अहमद के आश्रितों के पक्ष में 18 लाख 33 हजार रुपये प्रतिकर मंजूर किया है। न्यायालय ने विपक्षी बीमा कंपनी यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को उक्त राशि पर छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर से भुगतान करने के आदेश दिए हैं। ब्याज दावा याचिका दाखिल करने की तिथि से वास्तविक भुगतान तक देय होगा।

मामले के अनुसार छह जून 2023 को जमशीद पुत्र अब्दुल वाहिद आरामगीन में मिस्त्री का काम करते थे। दोपहर करीब 2:40 बजे वह पतरामपुर रोड, जसपुर स्थित आरामगीन के बाहर सड़क किनारे अपने पुत्र शाहनवाज से बात कर रहे थे। इसी दौरान यूके18क्यू-4024 के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए जमशीद अहमद को टक्कर मार दी।

हादसे में जमशीद अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें राजकीय चिकित्सालय जसपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक की आश्रित पत्नी, पुत्र और पुत्री की ओर से अधिवक्ता अब्दुल सलीम ने मोटर दुर्घटना दावा याचिका संख्या 106/2023 दाखिल कर मामले की पैरवी की। सुनवाई के दौरान मृतक की पत्नी, चश्मदीद गवाह शाहिद तथा वेतन संबंधी गवाह मोहम्मद इरशाद को न्यायालय में परीक्षित कराया गया।

बीमा कंपनी तथा कार स्वामी/चालक के अधिवक्ताओं ने गवाहों से जिरह की। बहस के दौरान बीमा कंपनी तथा कार स्वामी/चालक की ओर से क्लेम याचिका का विरोध किया गया।

वहीं अधिवक्ता अब्दुल सलीम ने उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर याचीगण के पक्ष को मजबूती से न्यायालय के समक्ष रखा। न्यायालय ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों एवं अधिवक्ता अब्दुल सलीम की ओर से प्रस्तुत तर्कों से संतुष्ट होकर बीमा कंपनी को 18 लाख 33 हजार रुपये प्रतिकर छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करने के आदेश पारित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!