काशीपुर। ढकिया नंबर-1 निवासी एक युवक का शव खेत में खड़ी स्विफ्ट कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर मामला सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन शव के निरीक्षण के दौरान गले पर संदिग्ध चोटें मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया है।
कोतवाली काशीपुर में तैनात एसएसआई नवीन बुधानी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे 112 के माध्यम से चौकी प्रतापपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार खेत में नीचे गिरी हुई है और उसमें एक व्यक्ति बैठा है, जिसकी संभवतः मौत हो चुकी है।
सूचना मिलते ही चौकी प्रतापपुर में तैनात एसआई संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया घटनाक्रम सड़क दुर्घटना जैसा प्रतीत हुआ। पुलिस ने कार और मृतक को खेत से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान संजीव कुमार पुत्र सोहन सिंह निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी के रूप में की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। पंचनामा की कार्रवाई के दौरान शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया तो शरीर पर मौजूद कुछ चोटें दुर्घटना से लगी हुई प्रतीत नहीं हुईं। इसके बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी।
एसएसआई नवीन बुधानी के अनुसार, मृतक के गले पर चोट के निशान संदिग्ध पाए गए हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
मामले की जांच के लिए फील्ड यूनिट और एसओजी टीम को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





