काशीपुर। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त नजदीक है और पूरे देश में राष्ट्रभक्ति का माहौल बन चुका है। ऐसे समय में काशीपुर के प्रमुख महाराणा प्रताप चौक से राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) का गायब होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महाराणा प्रताप चौक पर पहले राष्ट्रीय ध्वज स्थापित था, जो शहर की शान और देशभक्ति का प्रतीक माना जाता था। लेकिन वर्तमान में वहां तिरंगा नहीं है। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर तिरंगा हटाया क्यों गया और अब तक दोबारा क्यों नहीं लगाया गया?
महाराणा प्रताप चौक काशीपुर के सबसे प्रमुख और व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। नागरिकों का मानना है कि ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर तिरंगे का न होना उचित नहीं है, विशेषकर तब जब देश स्वतंत्रता दिवस के उत्सव की तैयारियों में जुटा हो।
शहर में अन्य स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की पहल की जा रही है। ऐसे में लोगों की अपेक्षा है कि महाराणा प्रताप चौक पर भी पहले की तरह पुनः राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया जाए, ताकि शहर की गरिमा और राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हो।

काशीपुर समय नगर निगम प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अपील करता है कि यदि किसी कारणवश तिरंगा हटाया गया है, तो उसके संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाए तथा स्वतंत्रता दिवस से पूर्व महाराणा प्रताप चौक पर पुनः राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए।
नोट: यदि इस संबंध में संबंधित विभाग का कोई पक्ष या स्पष्टीकरण है, तो काशीपुर समय उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा। से प्रकाशित करेगा।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





