काशीपुर। कुंडेश्वरी क्षेत्र स्थित ओम विहार कॉलोनी निवासी संतोष शर्मा ने उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (UPCL) पर स्मार्ट मीटर में आग लगने के बाद समय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड काशीपुर को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को उनके घर में लगे स्मार्ट मीटर में आग लग गई, जिससे बिजली आपूर्ति लगभग 19 घंटे तक बाधित रही। उनका कहना है कि घटना की सूचना सुबह करीब 10 बजे विभाग को दे दी गई थी, लेकिन विभागीय टीम दोपहर लगभग 2:30 बजे मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता के अनुसार, समस्या केवल मीटर की वायरिंग तक सीमित थी, जिसे समय रहते ठीक किया जा सकता था।
संतोष शर्मा का आरोप है कि विभाग की देरी और लापरवाही के कारण उनके परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई और स्कूल जाने की व्यवस्था प्रभावित हुई, घरेलू कार्य बाधित रहे तथा मानसिक और आर्थिक असुविधा झेलनी पड़ी।
शिकायत पत्र में उन्होंने विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने, कार्रवाई में हुई देरी का लिखित स्पष्टीकरण देने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में UPCL की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747




