बड़ी खबर: कांवड़ यात्रा को लेकर ऊधम सिंह नगर में ट्रैफिक अलर्ट, 30 जुलाई से 11 अगस्त तक रूट डायवर्जन लागू

Share this news

KASHIPUR SAMAY NEWS

Share this news

रुद्रपुर। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक पूरे जनपद में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में लागू की गई है, जिसका उद्देश्य कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आमजन को भी यातायात संबंधी असुविधा से बचाना है।

पुलिस के अनुसार रुद्रपुर क्षेत्र में दिल्ली, रामपुर, बिलासपुर, काशीपुर, हरिद्वार, हल्द्वानी, नैनीताल, सितारगंज और खटीमा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं 8 अगस्त से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी तथा पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति करने वाले आवश्यक सेवा वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि आम जनता को जरूरी सेवाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पुलिस ने बताया कि काशीपुर, गदरपुर, बाजपुर, जसपुर, किच्छा, सितारगंज और रुद्रपुर सहित जिले के प्रमुख बॉर्डर, चौराहों और चेकपोस्टों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर निगरानी रखी जाएगी। यदि कांवड़ यात्रियों की संख्या अधिक बढ़ती है तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित की जाएगी, जबकि दूसरी लेन से सामान्य यातायात संचालित होगा।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!