काशीपुर। खाली पड़े एक प्लॉट में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत के बाद महापौर दीपक बाली ने गहरा शोक व्यक्त किया। वह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। परिजनों के विलाप और दर्द को देखकर महापौर भी भावुक हो उठे।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई कभी संभव नहीं है। उन्होंने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि वह इस पूरे मामले से प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को अवगत कराएंगे, ताकि शासन स्तर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

महापौर ने कहा कि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए गंभीर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने शहर के सभी खाली पड़े प्लॉटों के मालिकों से अपील की कि वे अपने प्लॉटों का समुचित भरान कराएं तथा चारदीवारी बनवाएं, जिससे उनमें पानी जमा न हो और न ही लोग वहां कूड़ा-कचरा डाल सकें। उन्होंने कहा कि सामूहिक जिम्मेदारी और सतर्कता से ही ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सकता है।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





