रुड़की (उत्तराखंड)। आज 15 अक्टूबर को रामपुर क्षेत्र में उत्तराखंड रोडवेज बस (UK 07 PA 4471) और मोटरसाइकिल (UK 17 C 6295) के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना विवरण और मृतकों की जानकारी
तीनों घायल किशोरों को तुरंत रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अमृत (17 वर्ष), पुत्र टिंकू, निवासी नन्हेड़ा अनंतपुर, हरिद्वार, और तेलूराम उर्फ सूरज (16 वर्ष), पुत्र गुलाब सिंह, निवासी सालियर सालापुर, हरिद्वार ने अपनी जान गंवा दी। तीसरा गंभीर रूप से घायल सोनी (17 वर्ष), पुत्र सुनील, नन्हेड़ा अनंतपुर, को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।
पुलिस कार्रवाई और चालक की खोज
गंगनहर कोतवाली के प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि मृतकों का पंचायतनामा तैयार कर शवों का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। उन्होंने बताया कि बस चालक हादसे के बाद फरार है, जिसकी खोज जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और मोटरसाइकिल को जब्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
