काशीपुर। 21 सितंबर की रात घटी घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई से सहमे अली खां, थाना साबिक और पंजाबी सराय क्षेत्र के लोगों ने आज नगर निगम काशीपुर पहुंचकर मेयर दीपक बाली को ज्ञापन सौंपा। निवासियों ने मेयर को भरोसा दिलाया कि भविष्य में इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी।
“हम अमनप्रिय हैं, घटना की निंदा करते हैं”
मौहल्ले के लोगों ने ज्ञापन में कहा कि 21-09-2025 की रात करीब 9:30 बजे मोहल्ला बांसफोड़ान में कुछ बाहरी लोगों ने नासमझ और नाबालिग बच्चों को भड़काकर अप्रिय घटना को अंजाम दिलाया।
उन्होंने कहा कि यह कार्य अत्यंत निंदनीय था और किसी भी धर्म या समाज की मर्यादा के विपरीत है।
स्थानीय निवासियों ने स्पष्ट किया कि वे सभी अमनप्रिय और कानून का सम्मान करने वाले लोग हैं और मुस्लिम समाज इस घटना की कड़ी निंदा करता है।
लोगों ने अपने ज्ञापन में मेयर से चार प्रमुख मांगें रखीं–
1. घटना में शामिल वास्तविक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
2. मौहल्ले के निवासियों को कानून की जद में रहते हुए कारोबार करने की आज़ादी दी जाए और ज़रूरी कागज़ात पूरा करने के लिए समय दिया जाए।
3. घटना के बाद से फैले दहशत भरे माहौल को खत्म कर शांति और सौहार्द बहाल किया जाए।
4. बेगुनाह व्यक्तियों को पुलिस प्रशासन द्वारा परेशान न किया जाए।
भविष्य में अमन कायम रखने का भरोसा
ज्ञापन देने वालों ने मेयर दीपक बाली को आश्वस्त किया कि वे सभी लोग भविष्य में ऐसी कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं होने देंगे। सभी लोग कानून के दायरे में रहते हुए अपना कारोबार और जीवन-यापन करेंगे।
7 सदस्यीय कमेटी का गठन
ज्ञापन सौंपने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने सात सदस्यों की एक कमेटी बनाई है। यह कमेटी समाज के लोगों से संवाद कर उन्हें जागरूक करेगी।
कमेटी बिजली के मीटर लगवाने, नगर निगम का टैक्स भरने, कारोबार के लिए लाइसेंस लेने और अतिक्रमण अभियान से उत्पन्न कूड़े के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
लोग रहे मौजूद
ज्ञापन देने वालों में हसीन खान, पूर्व चेयरमैन शमशुद्दीन, मौ. अशरफ सिद्दीकी एडवोकेट, इंतजार हुसैन, मुशर्रफ हुसैन, अब्दुल कादिर, राशिद फारूखी, सादिक हुसैन, डॉ. हसन नूरी, फिरोज, हुस्नजहां, नाजमा समेत कई पार्षद और मोहल्लेवासी शामिल रहे।


शहरयार आसिम
सम्पादक काशीपुर समय
कार्यालय – नई अनाज मंडी, सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747
