
स्वच्छता के लिए 1.18 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव, स्कूलों में कक्ष निर्माण, स्मार्ट क्लास लैब, 15 स्मार्ट बोर्ड और प्रमुख स्थलों पर हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना
काशीपुर|- शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महापौर दीपक बाली ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने शहर की दो प्रमुख औद्योगिक इकाइयों नैनी पेपर्स लिमिटेड और इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड (आईजीएल) से कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के माध्यम से जनहित से जुड़े विकास कार्यों के लिए आर्थिक सहयोग मांगा है। नगर निगम की ओर से दोनों औद्योगिक इकाइयों को भेजे गए प्रस्तावों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने, कूड़ा प्रबंधन को आधुनिक बनाने, विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था करने से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रस्तावित कार्य करोड़ों रुपये की लागत से पूरे किए जाने हैं।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि नैनी पेपर्स और इंडिया ग्लाइकोल्स दोनों ही औद्योगिक संस्थान उनके कार्यकाल में नगर निगम के अनुरोध पर जनहित के कार्यों में अनुकरणीय सहयोग करते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी दोनों औद्योगिक इकाइयां शहर के विकास के लिए अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगी।
नैनी पेपर्स से स्वच्छता व्यवस्था के लिए 1.18 करोड़ रुपये के सहयोग का अनुरोध
महापौर दीपक बाली ने नैनी पेपर्स लिमिटेड से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए 1 करोड़ 18 लाख 37 हजार 760 रुपये (जीएसटी सहित) का संशोधित सीएसआर अनुदान स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।
इस संबंध में नगर निगम की ओर से नैनी पेपर्स लिमिटेड के निदेशक एवं सीएसआर समिति को भेजे गए प्रस्ताव में दो मिनी रिफ्यूज कॉम्पैक्टर वाहन और चार रंगों वाले पैडल युक्त डस्टबिन के 80 सेट खरीदने के लिए आर्थिक सहयोग मांगा गया है। इन 80 सेटों में कुल 320 डस्टबिन शामिल होंगे। प्रत्येक डस्टबिन की क्षमता 240 लीटर निर्धारित की गई है।
प्रस्ताव के अनुसार, डस्टबिन को गीले कचरे, सूखे कचरे, सैनिटरी वेस्ट और घरेलू खतरनाक कचरे के लिए अलग-अलग रंगों में रखा जाएगा। इन्हें मजबूत स्टैंड पर स्थापित किया जाएगा, जिससे कचरे का पृथक्करण उसके उत्पन्न होने वाले स्थान पर ही किया जा सके। शहर के 80 सार्वजनिक स्थलों पर इनकी स्थापना की योजना है। साथ ही डस्टबिन की चोरी रोकने के लिए मजबूत मेटल फैब्रिकेशन और बारिश से बचाव के लिए वेदर कैनोपी भी लगाई जाएगी।
प्रस्तावित मिनी रिफ्यूज कॉम्पैक्टर वाहनों में हाइड्रोलिक साइड लिफ्टर सिस्टम लगाया जाएगा। इसके माध्यम से 240 लीटर क्षमता वाले डस्टबिन को उठाकर वाहन के सीलबंद हॉपर में खाली किया जा सकेगा। इसके बाद कचरे को दबाकर उसका आयतन कम किया जाएगा, जिससे कचरे के परिवहन में आसानी होगी और खुले में कूड़ा फैलने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
नगर निगम ने इन वाहनों के संचालन, चालकों, ईंधन और रखरखाव का खर्च स्वयं वहन करने की प्रतिबद्धता भी जताई है।
आईजीएल से विद्यालयों में कक्ष निर्माण, स्मार्ट क्लास और स्मार्ट बोर्ड के लिए मांगा सहयोग
वहीं, महापौर दीपक बाली ने इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड (आईजीएल) को भेजे गए प्रस्ताव में कंपनी के सीएसआर फंड से शहर में जनहित और शिक्षा से जुड़े विभिन्न विकास कार्य कराने का अनुरोध किया है।
इस प्रस्ताव के तहत तारावती सरोजनी देवी विद्यालय, काशीपुर में दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण की मांग की गई है। इसके अलावा तारावती सरोजनी देवी विद्यालय, अलीगंज रोड तथा आदर्श राजकीय प्राथमिक विद्यालय, चैती फार्म अलीगंज रोड में स्मार्ट क्लास लैब स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लगेंगी हाईमास्ट लाइटें
शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से द्रोणा सागर परिसर, गन्ना अनुसंधान मोड़, जसपुर खुर्द और चैती चौराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाने का प्रस्ताव भी आईजीएल को भेजा गया है।
इसके साथ ही तुलाराम राजाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, चैती मोड़ में शैक्षिक गतिविधियों को आधुनिक बनाने के लिए 15 स्मार्ट बोर्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इससे विद्यालय के विद्यार्थियों को तकनीक आधारित शिक्षण सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
महापौर दीपक बाली ने अपने पत्र में कहा है कि प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था स्थापित होने से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आने-जाने वाले नागरिकों को भी सुविधा मिलेगी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम की इन दोनों पहलों का मुख्य उद्देश्य काशीपुर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, शिक्षा के स्तर और सुविधाओं में सुधार करना तथा शहर की बुनियादी सुविधाओं को आधुनिक बनाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नैनी पेपर्स और इंडिया ग्लाइकोल्स के सहयोग से इन जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में मदद मिलेगी।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






