
थानों का वार्षिक बजट भी होगा दोगुना, मुख्यमंत्री धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर कीं आठ घोषणाएं
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस की भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सरकार प्रदेश में पुलिस की विभिन्न इकाइयों में रिक्त 1600 पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। वहीं, थानों को संसाधनों की कमी से उबारने के लिए उनका वार्षिक बजट चार करोड़ से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के कल्याण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आठ घोषणाएं कीं। उन्होंने पुलिसकर्मियों की शहादत को नमन करते हुए कहा कि देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल और बहुमंजिला बैरक का निर्माण कराया जाएगा। पुलिस अस्पताल का भी उच्चीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थानों और चौकियों में कर्मचारियों की जरूरत के अनुसार पदों और व्यवस्थाओं की समीक्षा होगी। विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे विवेचना की गुणवत्ता बेहतर हो सके। पुलिस मॉडर्न स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार भी किया जाएगा।
उन्होंने पुलिसकर्मियों के कल्याण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आठ घोषणाएं करते हुए बलिदानी पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल और बहुमंजिला बैरक का निर्माण कराया जाएगा। पुलिस अस्पताल का उच्चीकरण करने के साथ ही थानों और चौकियों में कर्मचारियों की जरूरत के अनुसार पदों और व्यवस्थाओं की समीक्षा भी होगी। विवेचकों को आधुनिक जांच किट उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे विवेचना की गुणवत्ता बेहतर हो सके। पुलिस मॉडर्न स्कूलों की व्यवस्थाओं में सुधार भी किया जाएगा।
संसाधन व तकनीक से मजबूत होगी पुलिस
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पुलिस की चुनौती केवल सड़क पर कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है। नशे के नेटवर्क से लेकर साइबर अपराध तक, अपराध के तरीके तेजी से बदल रहे हैं। इंटरनेट और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दौर में पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से अपराधियों से आगे रहना होगा। पुलिस को आधुनिक संसाधनों से लैस करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
एक बलिदानी पूरे देश का गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलिदानी पुलिसकर्मियों का त्याग और साहस पूरे देश के लिए प्रेरणा है। एक बलिदानी केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का गौरव होता है। देश की आंतरिक सुरक्षा में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिछले एक वर्ष में देशभर में 154 जवानों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। खाकी वर्दी साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और सामरिक दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
रुद्रपुर में खुलेगा प्रदेश का पहला एंटी नारकोटिक्स थाना
देहरादून। प्रदेश सरकार अब नशामुक्त उत्तराखंड को लेकर गंभीरता के साथ आगे कदम बढ़ा रही है। इस कड़ी में ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में प्रदेश का पहला एंटी नारकोटिक्स थाना खोला जाएगा। इसके लिए 32 पदों का सृजन किया जाना प्रस्तावित है। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव में नारकोटिक्स के पूरे ढांचे के लिए 70 पदों की आवश्यकता बताई गई है।
नशे पर रोक लगाने के लिए प्रदेश में तीन स्तरीय ढांचा तैयार किया जाएगा। इसके तहत राज्य स्तर, जिला स्तर व थाना स्तर पर नशे के खिलाफ कार्रवाई की व्यवस्था बनाई जा रही है। कुछ समय पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर की बैठक में भी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे।
प्रदेश में इस समय नारकोटिक्स मुख्यालय के लिए 20 पद सृजित किए गए हैं। इनमें पुलिस की ही अन्य शाखाओं से कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर रखा गया है। अब इस व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके तहत पहला थाना रुद्रपुर में खोला जाना प्रस्तावित है। दरअसल, रुद्रपुर व आसपास के क्षेत्रों में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले बढ़े हैं। यहां से न केवल नेपाल सीमा नजदीक है, बल्कि पंजाब के भी यहां से सीधे तार जुड़े हुए हैं।
नई घोषणाएं
* नए थाने और निदेशालय के लिए 70 पदों का कार्मिक ढांचा तैयार होगा।
* पुलिस मुख्यालय की ओर से भेजे गए प्रस्ताव पर शासन में चल रहा मंथन।


शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






