November 18, 2026
IMG-20260927-WA0001
Kashipur Samay News
Share this news

काशीपुर। आगामी छात्रसंघ चुनाव 2026-27 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए काशीपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उधम सिंह नगर के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में रविवार, 27 सितंबर 2026 को कोतवाली काशीपुर एवं कोतवाली आईटीआई पुलिस ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का किया निरीक्षण

संयुक्त पुलिस टीम ने छात्रसंघ चुनाव 2026-27 में विभिन्न प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का औचक भ्रमण एवं भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान चुनावी गतिविधियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

आचार संहिता का पालन करने की सख्त हिदायत

पुलिस ने सभी प्रत्याशियों एवं समर्थकों को आदर्श आचार संहिता, लिंगदोह समिति की सिफारिशों तथा माननीय न्यायालय के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रचार के दौरान नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हुड़दंग और शक्ति प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई

पुलिस ने बिना अनुमति लाउडस्पीकर/डीजे का प्रयोग, हुड़दंगई, शक्ति प्रदर्शन, अवैध पोस्टर-बैनर लगाने अथवा किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था प्रभावित करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।

पुलिस की अपील

काशीपुर पुलिस ने सभी छात्र नेताओं, प्रत्याशियों, समर्थकों एवं आमजन से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने को कहा है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!