November 17, 2026
IMG-20260927-WA0000
Kashipur Samay News
Share this news

देहरादून/डोईवाला। डोईवाला शुगर कंपनी लिमिटेड में 26 सितंबर 2026 को सचिव, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग उत्तराखंड शासन सुरेंद्र नारायण पांडेय की अध्यक्षता में निदेशक मंडल एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद्र दुमका, गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह सहित विभागीय अधिकारी एवं निदेशक मौजूद रहे।


बैठक के दौरान सचिव/प्रशासक ने डोईवाला एवं किच्छा चीनी मिल की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कृषक एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। आगामी पेराई सत्र 2026-27 के सुचारु संचालन के लिए रिपेयर एवं मेंटेनेंस कार्य समय से पूरा करने तथा सभी स्टेशनों का ट्रायल अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।


डोईवाला चीनी मिल के अधिशासी निदेशक अजयवीर सिंह ने बताया कि मिल की मशीनरी काफी पुरानी हो चुकी है। कुछ स्टेशनों एवं मशीनों में आवश्यक बदलाव और सुधार किए जाने की जरूरत है, जिससे मिल की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके। उन्होंने मिल को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध शासन से किया।


बैठक के बाद सचिव, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग द्वारा मिल का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान रिपेयर एवं मेंटेनेंस कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया तथा साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।


वहीं, मिल के श्रमिक प्रतिनिधियों ने पहली बार निदेशक मंडल की बैठक मिल में आयोजित किए जाने पर सचिव एवं विभागीय अधिकारियों का आभार जताया। श्रमिक प्रतिनिधियों ने पूर्व में की गई वेतन कटौती के स्थान पर पुनरीक्षित वेतनमान बहाल करने की मांग प्रमुखता से रखी। सचिव/प्रशासक ने मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरण की अभिलेखीय जांच कर यथाशीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


श्रमिक प्रतिनिधियों की ओर से इस दौरान कमल बहादुर, दिनेश वर्मा, सतविंदर संधू आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!