
व्यापारियों को राहत: पहले नोटिस और संवाद, फिर होगी नियमानुसार कार्रवाई
जीएसटी सर्वे को लेकर व्यापार मंडल व अधिकारियों की बैठक, जल्द होगी विशेष कार्यशाला
काशीपुर। नगर एवं क्षेत्र में प्रतिष्ठानों पर राजस्व कर विभाग द्वारा की जा रही जीएसटी संबंधी सर्वे कार्रवाई को लेकर व्यापारियों के बीच उपजे असंतोष के बाद मेयर दीपक बाली की पहल पर व्यापार मंडल, व्यापारियों और राजस्व कर विभाग के अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। नगर निगम सभागार स्थित मेयर कार्यालय में आयोजित बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर समाधान की दिशा में सहमति बनाई गई।
बैठक में व्यापार मंडल के कुमाऊं प्रभारी अश्विनी छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। वहीं राजस्व कर विभाग की ओर से डिप्टी कमिश्नर वीर सिंह एवं असिस्टेंट कमिश्नर मितेश्वरानंद सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में जीएसटी भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट, रिकॉर्ड में संभावित कमियों और सर्वे कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने अपनी चिंताएं रखीं। मेयर दीपक बाली ने कहा कि व्यापारी और विभाग के बीच भय या गलतफहमी का वातावरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि यदि किसी प्रतिष्ठान के रिकॉर्ड में जीएसटी संबंधी विसंगति मिलती है तो पहले संबंधित फर्म स्वामी को जानकारी देकर अपनी स्थिति स्पष्ट करने और रिकॉर्ड दुरुस्त करने का अवसर दिया जाए।

मेयर ने कहा कि जीएसटी कानून की जटिलताओं अथवा जानकारी के अभाव में कई बार व्यापारी अनजाने में त्रुटि कर सकते हैं। ऐसे मामलों में जागरूकता और संवाद के माध्यम से समस्या का समाधान अधिक प्रभावी रहेगा।
एक सप्ताह से दस दिन में होगी जीएसटी कार्यशाला
बैठक में व्यापारियों के लिए विशेष जीएसटी जागरूकता कार्यशाला आयोजित करने पर सहमति बनी। कार्यशाला में जीएसटी अधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट और जीएसटी विशेषज्ञ व्यापारियों को कर व्यवस्था, रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देंगे और उनकी शंकाओं का समाधान करेंगे। कार्यशाला आगामी एक सप्ताह से दस दिन के भीतर आयोजित किए जाने की बात कही गई।
विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल व्यापारियों को पहले अपनी स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक सुधार का अवसर दिया जाएगा। हालांकि नियमों का पालन नहीं करने वाले मामलों में नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
त्योहारी सीजन में सर्वे से राहत की मांग
व्यापारियों ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अगले कुछ महीनों में सर्वे कार्रवाई से राहत की मांग भी रखी। व्यापारियों का कहना था कि त्योहारी सीजन में मिठाई, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडीमेड, ऑटोमोबाइल समेत विभिन्न कारोबारों में बिक्री और स्टॉक का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे समय में जागरूकता और संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
व्यापार मंडल के कुमाऊं प्रभारी अश्विनी छाबड़ा ने मेयर की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि बैठक से व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद का रास्ता मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल कर व्यवस्था का पालन करने वाले व्यापारियों के साथ है, लेकिन अनावश्यक भय का वातावरण नहीं बनना चाहिए।
बैठक में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, अशोक कुमार, अनुराग मित्तल, प्रतीक अग्रवाल, शिवम टंडन, राजीव परनामी, पुष्प अग्रवाल, दीपक कुमार, हितेश कुमार, राजीव, शुभम, आलोक अग्रवाल, धीरज अग्रवाल, गौरव पैगिया, शुभम अग्रवाल सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद व्यापारियों ने मेयर दीपक बाली की पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया। समस्या के समाधान की दिशा में सहमति बनने पर व्यापारियों ने “महापौर दीपक बाली जिंदाबाद” के नारे भी लगाए।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र एवं पोर्टल
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747






