रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर आयोजित राजनीतिक दलों की बैठक में हंगामे का मामला सामने आया है। बैठक के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर उत्तेजित होकर ऊंची आवाज में अशोभनीय बातें करने तथा वर्तमान विधायक शिव अरोड़ा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से थाना पंतनगर पुलिस को पत्र भेजकर संबंधित दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
24 अगस्त 2026 को जारी पत्र के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, महामंत्रियों एवं सचिवों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के संबंध में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), आम आदमी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विषयों, उनके पक्ष, आपत्तियों एवं शिकायतों पर विचार-विमर्श किया जा रहा था। इसी दौरान करीब दोपहर 1 बजे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल कथित रूप से उत्तेजित हो गए और ऊंची आवाज में अशोभनीय बातें करने लगे।
जिला निर्वाचन कार्यालय के पत्र के मुताबिक, इस दौरान वर्तमान विधायक शिव अरोड़ा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया, जिसके कारण बैठक का वातावरण तनावपूर्ण हो गया। पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूर्व विधायक ने अत्यधिक उत्तेजना का प्रदर्शन करते हुए सामने बैठे जनपद प्रतिनिधियों की ओर आक्रामक मुद्रा में आकर ऊंची आवाज में भय का माहौल उत्पन्न किया।

स्थिति बिगड़ने के चलते बैठक को स्थगित करना पड़ा, जिससे निर्वाचन संबंधी कार्य में बाधा उत्पन्न होने का उल्लेख पत्र में किया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन कार्यालय ने थानाध्यक्ष, पंतनगर को पत्र भेजकर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि आयुक्त कुमाऊं मंडल नैनीताल, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ऊधमसिंह नगर तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर को भी सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोपों पर संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





