रुद्रपुर – 22 अगस्त जनपद में विभिन्न मांगों को लेकर किसानों द्वारा पिछले दो दिनों से किए जा रहे धरना-प्रदर्शन के क्रम में शनिवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय धरना स्थल पर पहुंचे और किसानों से संवाद किया। इस दौरान किसानों ने मांग-पत्र के माध्यम से अपनी विभिन्न समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
अपर जिलाधिकारी ने किसानों द्वारा प्रस्तुत मांग-पत्र में शामिल विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई मांगें नीतिगत प्रकृति की हैं, जिन पर जिला स्तर से निर्णय लिया जाना संभव नहीं है। ऐसी मांगों पर नियमानुसार शासन स्तर से कार्रवाई की जानी है।

वार्ता के दौरान किसानों ने विद्युत, भूमि सहित विभिन्न स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। अपर जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने किसानों से समस्याओं के निराकरण को लेकर सुझाव भी लिए तथा प्रशासन की ओर से आवश्यक सुझाव एवं समाधान की जानकारी दी।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। जिला स्तर पर नियमानुसार हल होने वाली समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, नीतिगत एवं शासन स्तर से संबंधित मांगों को नियमानुसार उच्च स्तर पर भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने किसानों से आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ते हुए धरना समाप्त करने का अनुरोध भी किया।
वार्ता के दौरान गन्ना आयुक्त टी.एस. मार्टोलिया, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, गौरव पांडे, मुख्य कृषि अधिकारी वी.के. यादव, अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शहरयार आसिम
सम्पादक – काशीपुर समय
कार्यालय – ग्राम सरबरखेड़ा, काशीपुर
संपर्क – +91 8077 966 747





