काशीपुर – 48 घंटे में खुला युवक की हत्या का राज, पत्नी निकली मास्टरमाइंड; दो नाबालिग भी गिरफ्तार

Share this news

Kashipur Samay News

Share this news

काशीपुर। काशीपुर पुलिस ने 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में कार के अंदर मृत मिले करीब 24 वर्षीय संजीव कुमार की हत्या का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। शुरुआती तौर पर घटना सड़क हादसा प्रतीत हो रही थी, लेकिन पुलिस की गहन जांच में यह सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा समेत दो विधि-विवादित किशोरों को गिरफ्तार किया है।

गले पर चोट के निशान से गहराया शक
17 अगस्त की सुबह प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक स्कॉर्पियो कार में युवक खून से लथपथ मिला था। प्रारंभिक सूचना में मामला सड़क हादसा माना जा रहा था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की तो मृतक के गले पर मिले चोट के निशान दुर्घटना से अलग और संदिग्ध प्रतीत हुए। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और मामले की दिशा हत्या की ओर मुड़ गई।

मृतक की पत्नी निशा की तहरीर पर कोतवाली काशीपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मोबाइल लोकेशन और CCTV से खुली परतें
जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सीडीआर, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का मिलान किया। पूछताछ में मृतक की पत्नी के बयानों में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद पुलिस का शक मृतक की पत्नी और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की ओर गया।



पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक संजीव कुमार की पत्नी निशा का दो विधि-विवादित किशोरों में से एक से संपर्क था। इसी दौरान संजीव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।

जन्मदिन की पार्टी के बहाने निकले थे
जांच के अनुसार, 16 अगस्त को संजीव का जन्मदिन था। इसी बहाने निशा दोनों किशोरों और संजीव के साथ निजी कार से रामनगर घूमने निकली। रामनगर में हत्या का मौका नहीं मिलने पर तीनों वापस काशीपुर की ओर लौटे।

राजपुर रोड, धारी के पास योजना के मुताबिक कार चला रहे संजीव के पीछे बैठे किशोर ने 12 बोर के तमंचे से उसकी गर्दन के बाईं ओर गोली मार दी। गोली लगने के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी।

इसके बाद दोनों किशोर घायल संजीव को कार में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद एक किशोर ने फोन कर निशा को घटना की जानकारी दी।

हत्या को सड़क हादसा दिखाने की थी साजिश
पुलिस के अनुसार आरोपियों की योजना हत्या को सड़क हादसे का रूप देने की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और वैज्ञानिक तरीके से की गई जांच ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 19 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने कुंडेश्वरी क्षेत्र स्थित मालवा फार्म पुलिया के पास दोनों विधि-विवादित किशोरों को पकड़ लिया।

पूछताछ में उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 12 बोर का तमंचा, तीन खोखा कारतूस, पांच जिंदा कारतूस और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए गए। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पत्नी निशा की भी हत्या की साजिश में मुख्य भूमिका सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों आरोपी निकले नाबालिग
पुलिस जांच के दौरान दोनों विधि-विवादित किशोरों के शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की जांच में उनके नाबालिग होने की पुष्टि हुई। दोनों के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को सफलता
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं पुलिस उपाधीक्षक काशीपुर के निर्देशन में कोतवाली काशीपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा किया।

पुलिस टीम
SSI नवीन बुधानी, SI कौशल भाकुनी, SI मनोज सिंह धौनी, SI मीना रावत, SI गणेश पांडे, SI संजय सिंह, SI कंचन पडलिया, SI गिरीश चन्द्र, कानि. 141 नापु सुरेंद्र कुमार, कानि. 427 नापु धीरज सिंह, कानि. 757 नापु गजेंद्र गिरी, कानि. 169 नापु किरण कुमार मेहता तथा पुलिस सहयोगी राहुल एवं माजिद शामिल रहे। एसओजी काशीपुर की टीम में SI सुनील सुतेड़ी, कानि. इमरान एवं कानि. हरीश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!