GIC बांसखेड़ा में अव्यवस्थाओं को लेकर SDM से शिकायत, जांच और कार्रवाई की मांग

Share this news

Kashipur Samay News

Share this news

काशीपुर। राजकीय इंटर कॉलेज (GIC) बांसखेड़ा, काशीपुर में कथित अव्यवस्थाओं, बुनियादी सुविधाओं की कमी और छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर आजाद समाज पार्टी (काशीपुर) ने उपजिलाधिकारी काशीपुर को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर से कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, जिनमें छात्र-छात्राओं को उचित व्यवस्था के अभाव में बड़ी-बड़ी घास और कीचड़ के बीच जमीन पर बैठाए जाने का आरोप लगाया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए विद्यालय का स्थानीय निरीक्षण किए जाने की बात कही।

ज्ञापन के अनुसार निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई बुनियादी समस्याएं सामने आने का दावा किया गया। इनमें शौचालयों में ताले लगे होना, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था का अभाव, मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल, नियमित कक्षाएं संचालित न होना तथा विद्यालय परिसर में गंदगी और जलभराव जैसी समस्याएं शामिल हैं।

शिकायत में कहा गया कि परिसर में बड़ी घास और जलभराव के कारण मच्छरों तथा डेंगू-मलेरिया जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। साथ ही, छात्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और शिक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।

आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने एसडीएम से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा विद्यालय में स्वच्छ पेयजल, चालू शौचालय, गुणवत्तापूर्ण भोजन और नियमित कक्षाओं की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराने की मांग की है।

ज्ञापन पर आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शाहनवाज अहमद सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error:Content is protected !!